विज्ञापन

नेपाल बॉर्डर पर रेड से नहीं रुका, भंसार के नियमों से थमा 'नोट एक्सचेंज' का अवैध कारोबार

नेपाल से आने वाले लोगों को उनकी रकम का 60% भारतीय मुद्रा एक्सचेंज में मिलता है. अगर किसी के पास 100 नेपाली रुपये हैं और वह एक्सचेंज कराता है तो उसे 60 भारतीय रुपये मिलते हैं.

नेपाल बॉर्डर पर रेड से नहीं रुका, भंसार के नियमों से थमा 'नोट एक्सचेंज' का अवैध कारोबार
  • भारत-नेपाल सीमा पर रक्सौल बाजार में 50-60 छोटे दुकानदार अवैध रूप से नेपाली नोटों का एक्सचेंज करते हैं
  • पुलिस और एसएसबी ने अवैध नोट एक्सचेंज के खिलाफ छापेमारी कर बीते 10 दिनों में करीब 50 लाख रुपये जब्त किए हैं
  • नेपाल से आने वाले लोगों को उनकी रकम का 60 प्रतिशत भारतीय मुद्रा एक्सचेंज में मिलता है
रक्सौल (बिहार):

भारत-नेपाल सीमा पर कई तरह के व्यापार फलते-फूलते हैं. नोट एक्सचेंज करने का अवैध कारोबार भी इनमें से एक है. रक्सौल बाजार में 50-60 छोटे दुकानदार नोट बदलने के इस धंधे में हैं. ये छोटे दुकानदार रोजाना करीब 20 से 50 हजार रुपये तक के नेपाली नोट को भारतीय नोट में बदलते हैं. इस खेल में कई बड़े कारोबारी भी शामिल हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक वो रोजाना 10 लाख रुपये तक के नोट की अदला बदली करते हैं. सीमा पर कोई वैध एक्सचेंज काउंटर नहीं होने के कारण ये कारोबार और आसानी से होता है.

पिछले दिनों रक्सौल पुलिस ने नोट बदलने के इस अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की शुरुआत की थी, हालांकि तब भी ये कारोबार अब तक चल रहा था, लेकिन भंसार के नए नियमों से अब इस कारोबार पर ब्रेक लगा है.

रक्सौल के कस्टम बाजार इलाके में रेलवे गुमटी के आसपास दर्जनों लोग टेबल पर नोट रखे दिख जाते हैं. यह पूरा काम गुपचुप तरीके से पुलिस से बचकर होता है, इसलिए कोई भी कैमरे पर बात नहीं करता, लेकिन कैमरा बंद होते ही वे अपने काम के बारे में बताते हैं.
Latest and Breaking News on NDTV

इस काम से जुड़े एक दुकानदार ने बताया, "हम कई साल से यह काम कर रहे हैं. औसतन हर दिन 30 से 35 हजार रुपये का नोट बदलते थे, लेकिन अब नेपाल से लोग ही कम आ रहे हैं. इसलिए पूरे दिन में मुश्किल से 6-7 हजार रुपये के नोट की ही अदला-बदली हो पाती है. पहले हम हजार, दो हजार रुपये तक बना लेते थे, लेकिन अब दो-ढाई सौ रुपये पर भी आफत है."

बीते 10 दिन में 50 लाख के नोट जब्त किए गए!

अवैध रूप से नोट एक्सचेंज के कारोबार के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल और रक्सौल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी. 22 अप्रैल को छापेमारी कर 43 लाख रुपये के नोट जब्त किए गए थे. इनमें 43 लाख 45 हजार 999 भारतीय और 2 लाख 38 हजार 700 रुपये नेपाली मुद्रा शामिल थी. नोट गिनने वाली मशीन भी बरामद हुई थी. 28 अप्रैल को भी 10 लाख से अधिक की भारतीय-नेपाली मुद्रा जब्त की गई थी. दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था.

Latest and Breaking News on NDTV
रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने एनडीटीवी को बताया कि यहां कोई वैध मनी एक्सचेंज काउंटर नहीं है. नोट एक्सचेंज का पूरा कारोबार अवैध रूप से संचालित होता है. यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा है. हम इस पर कार्रवाई कर रहे हैं.

हालांकि इन सभी कार्रवाई के बावजूद अवैध काउंटर उसी तरह संचालित हो रहे हैं. बस नेपाल से व्यापार घटने से एक्सचेंज की गति धीमी हुई है.

क्या है नोट बदलने की दर? 

नेपाल से आने वाले लोगों को उनकी रकम का 60% भारतीय मुद्रा एक्सचेंज में मिलता है. अगर किसी के पास 100 नेपाली रुपये हैं और वह एक्सचेंज कराता है तो उसे 60 भारतीय रुपये मिलते हैं. कई बार यह राशि और भी कम होती है.

ये भी पढ़ें: 'नेपाल से सामान खरीदेंगे तो घर कैसे चलेगा...' भंसार वसूली से नेपाली ही खुश नहीं, बालेन सरकार से कर दी ये मांग

ये भी पढ़ें: भारत से नेपाल क्या-क्या ले जाने पर रोक, कितना देना पड़ रहा टैक्स? ग्राउंड जीरो से NDTV की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Nepal Border, India Nepal Border Custom Duty, India Nepal Raxaul Border, Note Exchange Business, Indian Note Nepali Note Exchange
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com