विज्ञापन

जामिया छात्रों की हंगर स्ट्राइक के बीच MP इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद पर माहौल बिगाड़ने का आरोप, पुलिस से शिकायत

जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर छात्र प्रोटेस्ट कर रहे हैं. रजिस्ट्रार ने कांग्रेस नेताओं पर दीवार फांदकर कैंपस में घुसने का आरोप लगाया है.

जामिया छात्रों की हंगर स्ट्राइक के बीच MP इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद पर माहौल बिगाड़ने का आरोप, पुलिस से शिकायत
जामिया में प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में कैंपस पहुंचे थे इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद
X/ShayarImran & IANS
नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पिछले कुछ दिनों से छात्रों का प्रोटेस्ट जारी है. पांच छात्र हंगर स्ट्राइक पर बैठे हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाल किया जाए. बता दें कि यूनिवर्सिटी में पिछले करीब 20 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुआ है. पिछले दिनों प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने के लिए कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद कैंपस आए हुए थे. कांग्रेस नेता के आने की जानकारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस का गेट बंद कर दिया लेकिन सुरक्षा बलों को चकमा देते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ऑटो के जरिए आम छात्र की पहुंचे और गेट नंबर चार से दाखिल होकर प्रोटेस्ट साइट पर जाकर छात्रों से मुलाकात की.

जामिया विजिट के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें देखा जा सकता है कि वे किस तरह से जामिया मिल्लिया इस्लामिया में दाखिल हुए थे. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "जामिया प्रशासन लाठी के जोर से छात्रों की आवाज नहीं दबा सकता, भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के साथ हम सब खड़े हैं. जामिया में छात्र संघ बहाल होने पर लड़ाई जारी रहेगी."

प्रतापगढ़ी के आने के कुछ दिनों बाद इमरान मसूद भी कैंपस पहुंचे लेकिन यूनिवर्सिटी के अंदर उनके दाखिल होने तरीके पर सवाल उठाए जा रहे हैं. इमरान मसूद पर आरोप है कि वे कैंपस की दीवार फांदकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे.

रजिस्ट्रार ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए आरोप...

जामिया के रजिस्ट्रार मेहताब आलम रिज़वी ने कहा कि कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद दीवार फांदकर कैंपस में दाखिल हुए और वहां का माहौल खराब किया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को उकसाया गया और कुछ बाहरी लोगों ने कॉलेज का माहौल बिगाड़ा.

मेहताब आलम रिज़वी ने यह भी बताया कि दिल्ली पुलिस में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है.

ऑनलाइन मोड में शिफ्ट हुईं क्लासेज

जामिया मिलिया इस्लामिया ने अपनी कक्षाएं ऑनलाइन कर दी हैं. रविवार को कैंपस में छात्र संघ चुनाव फिर से कराने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा गार्डों के साथ झड़प हुई. यह हंगामा तब शुरू हुआ था, जब प्रदर्शनकारी छात्रों पर नजर रख रहे गार्ड उन तंबुओं को हटाने के लिए आगे बढ़े, जिनके नीचे छात्र इकट्ठा हुए थे. इनमें वे छात्र भी शामिल थे, जो हंगर स्ट्राइक पर बैठे थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jamia Millia Islamia, Jamia Protest, Imran Pratapgarhi, Imran Masood, Jamia Hunger Strike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com