IPS Anu Beniwal: भारतीय पुलिस सेवा की तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल के घर नन्हीं बेटी ने जन्म लिया है. अनु बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर इस खुशखबरी के साथ तस्वीरें शेयर की हैं, जिन पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है.
9वें महीने की गर्भावस्था में दौड़कर दिया था फिटनेस का संदेश
बता दें कि जबलपुर में जुलाई 2026 में आयोजित 'रन फॉर साइबर सेफ्टी' कार्यक्रम के दौरान अनु बेनीवाल ने अपनी गर्भावस्था के नौवें महीने में दौड़ लगाकर समाज को फिटनेस का बेहतरीन संदेश दिया था.
पति IPS डॉ. आयुष जाखड़ के साथ शेयर कीं खास तस्वीरें
अब 20 अगस्त 2026 को अनु बेनीवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर चार तस्वीरें साझा करते हुए इस खुशी का ऐलान किया. इनमें से तीन तस्वीरों में वह बेबी बंप के साथ अपने पति और आईपीएस अधिकारी डॉ. आयुष जाखड़ के साथ नजर आ रही हैं, जबकि एक तस्वीर में डॉ. आयुष जाखड़ अपनी नवजात बेटी को गोद में लिए दिख रहे हैं.
आईपीएस अनु बेनीवाल ने मां बनने की इन तस्वीरों के साथ एक बेहद खूबसूरत कैप्शन भी लिखा. "अपनी नन्ही सी खुशी का हाथ जोड़कर स्वागत कर रहे हैं! खुद को बहुत खुशनसीब और शुक्रगुजार महसूस कर रहे हैं और उससे बेइंतहा प्यार है! 🙏🏻♥️ #babygirl #blessed #grateful #happiness"
कौन हैं आईपीएस अनु बेनीवाल?
अनु बेनीवाल मूल रूप से दिल्ली के पीतमपुरा की रहने वाली हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से बीएससी और एमएससी करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की थी.
असफलताओं से नहीं हारीं हिम्मत, चौथे प्रयास में पाई सफलता
अनु बेनीवाल को यूपीएससी में अपने चौथे प्रयास में सफलता मिली. साल 2018 में अपने पहले प्रयास में वह प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाई थीं. दूसरे प्रयास में वह मुख्य परीक्षा तक पहुंचीं, लेकिन इंटरव्यू से बाहर हो गईं. इसके बाद तीसरे प्रयास में अनु बेनीवाल ने ऑल इंडिया 638वीं रैंक हासिल की, लेकिन इसके बावजूद आईपीएस बनने का उनका सपना अधूरा रह गया.
AIR 217 हासिल कर बनीं IPS, कैडर साथी से रचाई शादी
अंततः साल 2021 में अपने चौथे प्रयास में अनु बेनीवाल ने फिर बाजी मारी और इस बार ऑल इंडिया 217वीं रैंक हासिल कर मध्य प्रदेश कैडर में आईपीएस बनीं. उन्होंने मध्य प्रदेश कैडर के ही आईपीएस अधिकारी डॉ. आयुष जाखड़ से शादी की, जो मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं