- कनाडा के नियाग्रा इलाके में गुजरात की 22 साल की विधि मेघानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी
- विधि मेघानी पिछले चार साल से कनाडा में रह रही थीं और पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करती थीं
- हत्या की घटना 15 मई को हुई, विधि को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
कनाडा की धरती पर एक और भारतीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है. विदेशी सरजमीं पर गुजरात की 22 साल की लड़की की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. मूल रूप से आणंद के बोरसद की रहने वाली विधि कल्पेशभाई मेघानी कनाडा के नियाग्रा इलाके में रह रही थीं. विधि पढ़ाई के साथ-साथ वहां नौकरी भी करती थीं. स्थानीय पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, विधि कनाडा में PR की तैयारी कर रही थीं. विधि की हत्या की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. वहीं गुजरात में विधि की हत्या की खबर सुनकर उनके परिवार में मातम छा गया है.

चाकू घोंपकर हुई हत्या
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विधि मेघानी की अमेरिकी बॉर्डर के पास चाकू घोंपकर हत्या हुई. विधि पिछले चार साल से कनाडा के नियाग्रा इलाके में रह रही थी. यह घटना 15 मई को घर से निकलने के बाद हुई. हत्या के बाद लड़की को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने विधि को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विदेशों में भारतीयों पर बढ़ रहे हमले
कनाडा में भारतीय छात्रों पर हमले का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले पिछले साल दिसंबर में टोरंटो में 30 साल की भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना का शव मिला था. वहीं अप्रैल 2025 में ओंटारियो में पंजाबी मूल की 21 साल की छात्रा हरसिमरक रंधावा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कनाडाई पुलिस ने बाद में एक 32 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था.
यह भी पढ़ें: विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, 10 बड़े अपराधियों के पासपोर्ट रद्द कराने की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं