विज्ञापन
This Article is From Jun 12, 2017

कुलभूषण जाधव की विवादित सजा के बीच भारत रिलीज करने जा रहा 11 पाकिस्‍तानी कैदी

हाल में कुलभूषण जाधव मामले में तनातनी के बाद भारत की तरफ से यह पहला बड़ा कदम है. भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव पर जासूसी का आरोप लगाते हुए पाकिस्‍तानी मिलिट्री कोर्ट ने उनको फांसी की सजा सुनाई है.

कुलभूषण जाधव की विवादित सजा के बीच भारत रिलीज करने जा रहा 11 पाकिस्‍तानी कैदी
पीएम नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ की हाल में एससीओ बैठक में अनौपचारिक मुलाकात हुई थी.(फाइल फोटो)
  • हाल में पीएम मोदी और नवाज शरीफ की मुलाकात हुई
  • उसके बाद भारत का यह पहला बड़ा कदम माना जा रहा
  • कुलभूषण जाधव के मामले में दोनों देशों के बीच तनातनी
कजाकिस्‍तान की राजधानी अस्‍ताना में शंघाई को-ऑपरेशन संघटन (SCO) में पीएम नरेंद्र मोदी की नवाज शरीफ के साथ अनौपचारिक बातचीत के बाद मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक भारत सोमवार को 11 पाकिस्‍तानी कैदियों को रिहा करने जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक भारत 'सद्भावना' के तहत ऐसा करने जा रहा है. दरअसल पाकिस्‍तान ने इस आधार पर इनकी रिहाई की मांग की थी कि ये सभी कैदी अपनी सजा पूरी कर चुके हैं. हाल में कुलभूषण जाधव मामले में तनातनी के बाद भारत की तरफ से यह पहला बड़ा कदम है. भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव पर जासूसी का आरोप लगाते हुए पाकिस्‍तानी मिलिट्री कोर्ट ने उनको फांसी की सजा सुनाई है. भारत ने इस मुद्दे पर अंतरराष्‍ट्रीय न्‍यायालय (ICJ) का दरवाजा खटखटाया है और मामला वहां लंबित है.

यह रिहाई इस मामले में भी अहम है क्‍योंकि अस्‍ताना में एससीओ सम्‍मेलन से इतर पीएम नरेंद्र मोदी और पाक पीएम नवाज शरीफ की अनौपचारिक भेंट हुई थी. पीएम मोदी ने शरीफ से उनकी सेहत का हाल-चाल पूछा और उनकी मां एवं परिजनों की कुशलक्षेम पूछी. सूत्रों के मुताबिक नवाज शरीफ के ऑपरेशन के बाद पीएम मोदी की उनसे पहली मुलाकात थी इसलिए उनके स्‍वास्‍थ्‍य के बारे में हाल-चाल लिया.

रिहाई के मामले में भारतीय अधिकारियों का कहना है कि मानवीयता के आधार पर इन कैदियों को रिहा किया जा रहा है. सरकार को आशा है कि इसके बाद पाकिस्‍तान भी ऐसे भारतीय कैदियों को रिहा कर देगा जिनकी वहां सजा पूरी हो चुकी है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्‍तानी जेलों में 132 भारतीय कैदी हैं. इनमें से 57 अपनी सजा पूरी कर चुके हैं. पाकिस्‍तान का कहना है कि उनकी रिहाई से पहले भारत को उनकी राष्‍ट्रीयता के संबंध में पुष्टि करनी होगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Release Pak Prisoners, Narendra Modi And Nawaz Sharif Meeting, Kulbhushan Jadhav, SCO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com