विज्ञापन

पलूशन, क्रूज या कोई साजिश... यमुना में छठ से पहले कैसे मर रही हैं मछलियां

छठ पूजा आज से शुरू हो गई है. नहाय-खाय के साथ ये महापर्व सोमवार तक चलेगा. ऐसे में यमुना नदी में मरी हुई मछलियां मिलने के वीडियो ने व्रतियों की टेंशन को बढ़ा दिया है.

पलूशन, क्रूज या कोई साजिश... यमुना में छठ से पहले कैसे मर रही हैं मछलियां
छठ पूजा की तैयारियां यमुना में शुरू हो गईं हैं. (फोटो-PTI)
  • दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने का वीडियो वायरल हुआ है
  • दिल्ली सरकार ने इस घटना को आम आदमी पार्टी की साजिश बताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की घोषणा की है
  • जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि मछलियां कुछ लोग नदी में डाल रहे हैं और आप माहौल बिगाड़ना चाहते हैं

छठ महापर्व आज से शुरू हो गया है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है. दिल्ली के सोनिया विहार का ये वीडियो बताया जा रहा है. इस वीडियो में यमुना नदी के अंदर बड़ी संख्या में मरी हुईं मछलियां दिखाई गईं हैं. वीडियो को देखकर छठ व्रत करने वालों की टेंशन बढ़ी तो दिल्ली सरकार ने इसे आम आदमी पार्टी (आप) की करतूत बताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की बात कही. इसके जवाब में आप ने बीजेपी को ही घेर लिया और दावा किया कि यमुना की गंदगी की वजह से मछलियां मर रही हैं और बीजेपी सरकार झूठे आरोप लगा रही है. 

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा का बयान

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को आप पर इस घटना को लेकर नाटक करने का आरोप लगाया. वर्मा ने कहा, ‘‘जैसे ही यमुना में फेरी सेवा चलना शुरू हुई, उसके एक दिन बाद ही हमारे विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं. छठ पर्व का त्योहार आने वाला है और वे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने इस माहौल को बिगाड़ने के लिए ऐसी ओछी राजनीति का सहारा लिया है. मैंने अपने विभाग को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है और वे आज ऐसा कर रहे हैं. इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जाएगी. वे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं या उनके क्या संबंध हैं. सब कुछ सामने लाया जाएगा. सच सबके सामने आ जाएगा.''

आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज का बयान

इस पर आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सबसे पहले तो दिल्ली सरकार ने यह दावा करके झूठ बोला कि उसने यमुना नदी को साफ कर दिया है. जो कोई भी यमुना के बारे में जानता है, उसे पता है कि पल्ला (जहां से नदी दिल्ली में प्रवेश करती है) से लेकर वजीराबाद तक का हिस्सा - जिसमें सोनिया विहार भी शामिल है - हमेशा से ही काफी हद तक साफ रहा है. सरकार को इसकी पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. इसके बजाय, प्रवेश वर्मा दावा कर रहे हैं कि सौरभ भारद्वाज ने मरी हुई मछलियों को नदी में डाल दिया. आप ही बताइए, हम हजारों मरी हुई मछलियां कहां से लाते? क्या मैं मरी हुई मछलियां इकट्ठा करने के लिए समुद्र तक जाता, या फिर वे दिल्ली की किसी बड़ी मछली मंडी से आतीं?''

आपको बता दें कि केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को यमुना में सोनिया विहार एवं जगतपुर के बीच क्रूज सेवा का उद्घाटन किया था. नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई इस सेवा के तहत लगभग चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय की जाती है. इसकी प्रत्येक यात्रा करीब 40 मिनट की होती है.

यह भी पढ़ें | विदेश में कैसे मनाई जाती है छठ पूजा? नीतू चंद्रा ने बताया यूके का तरीका, बोलीं- डूबते सूरज को भी करते हैं सलाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja, Chhath Puja Story, Yamuna, Parvesh Verma, Saurabh Bhardwaj
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com