विज्ञापन
This Article is From Sep 02, 2022

नोएडा में हिस्ट्रीशीटर की बाइक सवार बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सुंदर भाटी गिरोह के एक सदस्य की बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी.

नोएडा में हिस्ट्रीशीटर की बाइक सवार बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या
पुलिस ने बताया कि उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई
नोएडा:

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सुंदर भाटी गिरोह के एक सदस्य की बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि मृतक थाना जेवर का हिस्ट्रीशीटर था और वह हाल ही में जेल से छूट कर आया था. पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में रहने वाले नागेश नामक व्यक्ति पर बृहस्पतिवार की रात को अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

उन्होंने बताया कि उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बदमाशों की तलाश में पुलिस के कई दल लगाए गए हैं. उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

इस बीच नोएडा के ही थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी . पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान नीलम शुक्ला के तौर पर हुई है. पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) राजेश एस ने बताया कि परिवार के साथ छिजारसी कॉलोनी में रहने वाली नीलम घटना के वक्त घर में अकेली थीं.

उन्होंने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सिर पर धारदार हथियार से वार करके तीन बच्चों की मां नीलम की हत्या कर दी. राजेश ने बताया, “स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब बच्चे घर पहुंचे तो उन्होंने नीलम का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचा दिया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए.” उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस को शक है कि किसी परिचित ने वारदात को अंजाम दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida, West Uttar Pradesh, Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com