NDTV की लाइव टीवी डिबेट में उस वक्त हंगामा हो गया, जब शो में मौजूद पैनलिस्ट और वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी ने छात्रों के प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर को 'अपराधियों का अड्डा' कह दिया. उनकी टिप्पणी से शो में मौजूद छात्रों और अन्य पैनलिस्ट्स ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद डिबेट में तीखी बहस देखने को मिली. बता दें NEET पेपर लीक और प्रधान के इस्तीफे पर अड़े छात्रों का जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन जारी है.
जंतर-मंतर से कोई ढंग का आदमी नहीं निकल सकता: हर्षवर्धन त्रिपाठी
टीवी डिबेट में हर्षवर्धन त्रिपाठी ने दावा किया कि जंतर-मंतर अपराधियों का अड्डा बन गया है. हर शाम वहां से कोई ढंग का आदमी नहीं निकल सकता. उन्होंने तर्क दिया कि छात्रों के मुद्दे पर संसद में बहस होनी चाहिए, प्रदर्शन करके नहीं. इस पर एंकर ने कड़ा एतराज जताते हुए पूछा कि अगर भीड़ में कुछ उपद्रवी शामिल हो जाएं, तो क्या पूरे 30 दिन के प्रदर्शन को खारिज किया जा सकता है?
छात्रों ने जताया कड़ा विरोध
इसी बीच, शो में मौजूद एक छात्रा ने याद दिलाया कि संविधान का अनुच्छेद 19 प्रोटेस्ट (विरोध) का अधिकार देता है. छात्रा ने 'अपराधी' कहे जाने पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, "हम 30 दिन से वहां धरने पर थे. औरतें भी रात में रुकी हुई थीं और वह जगह पूरी तरह सुरक्षित थी. सब शांति से थे, फिर भी हमें अपराधी कहा जा रहा है." छात्रा ने सरकार की अनदेखी पर भी सवाल उठाया. उसने कहा कि सरकार ने छात्रों को नजरअंदाज कर दिया है और कोई उनकी बात सुनने नहीं आ रहा.
आनंद रंगनाथन ने किसे कहा- "वो दलाल हैं..."
पैनलिस्ट आनंद रंगनाथन ने पेपर लीक पर कहा कि देश में तीन शिक्षा मंत्री बीजेपी के धर्मेंद्र प्रधान, AAP के हरजोत सिंह और कांग्रेस के बंगप्पा हैं, जिनके अंडर पेपर लीक और OMR शीट में घपले हुए हैं. आनंद ने आरोप लगाया, "जो आदमी यह कहता है कि सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और बाकी दो का इस्तीफा नहीं मांगता, वो किसी पार्टी का ब्रोकर है, वो दलाल है."
ये सड़क वाली भाषा है:तहसीन पूनावाला
'दलाल' और 'अपराधी' शब्दों के इस्तेमाल पर को-पैनलिस्ट तहसीन पूनावाला नाराज हो गए. उन्होंने इसे सड़क वाली भाषा और शिष्टाचार के खिलाफ बताया. डिबेट में एंकर ने बीच-बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि आनंद ने 'दलाल' शब्द छात्रों के लिए इस्तेमाल नहीं किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं