- गुवाहाटी के होटल शूटआउट में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है.
- विवाद होटल मालिक और लीज पर लेने वाले पक्ष के बीच संपत्ति के नवीनीकरण और उपयोग को लेकर था.
- मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, हथियार भी बरामद हुए हैं.
असम की राजधानी गुवाहाटी में हुए चर्चित होटल शूटआउट मामले का एक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति दुकाननुमा परिसर में घुसकर दूसरे व्यक्ति पर फायरिंग करता नजर आ रहा है. इस सनसनीखेज वारदात में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है. इस मामले की जांच के लिए असम पुलिस ने SIT का गठन किया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खूनी संघर्ष होटल मालिक और होटल को लीज पर लेने वाले पक्ष के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण हुआ. मृतकों की पहचान होटल मालिक हेलेना भराली, उनके बेटे देवर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप, रिश्तेदार नारायण दास और हेलेना के भाई भूदेव भराली के रूप में हुई है. वहीं, वीडियो में गोली लगने के बाद गिरते दिखाई देने वाले सत्येंद्र पाठक गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन उनकी जान बच गई.
क्यों हुआ था विवाद?
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद होटल के रिसेप्शन क्षेत्र और उससे सटे रास्ते से कुल 6 लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था. इनमें से 1 व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घायल सत्येंद्र पाठक का इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है. जांच में यह भी सामने आया कि होटल मालिकों ने 10 सितंबर 2025 को आरोपियों के साथ करीब 1.80 लाख रुपये मासिक किराए पर 5 वर्ष का लीज समझौता किया था. बाद में संपत्ति के नवीनीकरण, उपयोग के तरीके और सुविधाओं को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद गहराते गए. इन विवादों को सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर 2026 को होटल में बैठक बुलाई गई थी. लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने मौजूद छह लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
#Newsroom with @GargiRawat | CCTV Accessed In The Guwahati Hotel Shootout Case @RatnadipC reports https://t.co/9BN0o9eyBO
— NDTV (@ndtv) October 27, 2026
मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में भेज दिया है. वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन के नेतृत्व में गठित SIT फोरेंसिक साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, फायरिंग की परिस्थितियों और मामले के अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी. CID और फोरेंसिक साइंस लैब की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने मौके से .32 बोर के कई खाली कारतूस और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. जांच एजेंसियां अब फोरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर शूटआउट से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: बंगाल-तमिलनाडु में अर्नब साइक्लोन का कहर, 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 3 साल बाद सबसे ठंडी सुबह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं