गाजियाबाद के अंदरूनी इलाकों से नेशनल हाईवे तक पहुंचने में यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम झेलना पड़ता है. इससे निपटने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण पांच नए फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड बनाने पर काम कर रहा है. इसमें सबसे अहम शहीद स्थल से NH-9 तक ग्रीन मोबिलिटी कॉरिडोर बनाने की तैयारी में है. शहीद स्थल पर न्यू बस अड्डा, मेट्रो और नमो भारत तीनों का हब है. जीडीए और नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) मिलकर शहीद स्थल से नेशनल हाईवे-9 ये कॉरिडोर बनाने का काम करेंगे. इस प्रोजेक्ट का मकसद भारी वाहनों को ट्रैफिक से बचाते हुए शहर से बाहर ले जाना है.
1. ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर चौड़ा होगा
गाजियाबाद में शहीद स्थल के पास दो लेन के ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर को चौड़ाकर चार लेन का बनाने की योजना है. फ्लाईओवर के दोनों तरफ एक-एक लेन जोड़ी जाएगी. यह नया हिस्सा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से आगे बढ़ते हुए भाटिया मोड़ तक तीन किलोमीटर लंबा होगा.
2. लाल कुआं में डबल-डेकर फ्लाईओवर
नेशनल हाईवे (NH-9) पर लाल कुआं के पास मौजूदा रोड ओवरब्रिज और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर एलिवेटेड डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने की तैयारी में हैं. इससे एक्सप्रेसवे से गुजरे बिना नोएडा और अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को बिना कठिनाई के सीधा रास्ता मिल सकेगा.
3. घंटाघर से भाटिया मोड़ एलिवेटेड रोड
गाजियाबाद में घंटाघर के रामलीला मैदान से भाटिया मोड़ तक लगभग 2 किलोमीटर लंबा और चार लेन का एलिवेटेड रोड पहले से ही प्रस्ताव में है. इसकी अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपये है. उत्तर प्रदेश सरकार ने अर्बन चैलेंज फंड के तहत इसे मंजूरी देकर पूरा करने का प्लान बनाया है. जीडीए और एनएचआई साझा तौर पर ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर को फोर लेन के लिए चौड़ा करने पर काम कर रहे हैं. लाल कुआं के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर एलिवेटेड रोड की संभावना भी तलाशी जा रही है. NHAI, यूपीसीडा और नगर निगम समेत संबंधित एजेंसियों के साथ एक हाईलेवल मीटिंग में इन प्रस्तावों पर चर्चा होगी.
नए एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव
राजनगर एक्सटेंशन से मेरठ रोड एलिवेटेड और स्लिप रोड का प्रस्ताव है. दिल्ली से वाहन चालकों को हिंडन पुल के पास लंबा चक्कर से बचाने के लिए 80 करोड़ रुपये से एक नई स्लिप रोड का निर्माण हो रहा है. इससे वाहन सीधे एलिवेटेड रोड पर जा सकेंगे. हापुड़ चुंगी पर भारी जाम को बाईपास करने के लिए एएलटी सेंटर से शास्त्री नगर तक 800 करोड़ रुपये से नया एलिवेटेड रोड की तैयारी है. लाल कुआं से लेकर ग्रेटर नोएडा के दादरी तक के हाईस्पीड कनेक्टिविटी के लिए एलिवेटेड रूट का प्रस्ताव है.
सेठ मुकुंदलाल चौराहा और ठाकुरद्वारा तिराहे पर फोकस
GDA ने सेठ मुकुंदलाल चौराहा और ठाकुरद्वारा तिराहे पर ट्रैफिक में बदलाव की तैयारी है.इन चौराहों की सड़कों को चौड़ा कर गलत कट बंद होंगे. फ्री लेफ्ट टर्न के साथ ग्रीन बेल्ट कॉरिडोर बनेंगे.गाजियाबाद के सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम वाले 8 इलाकों में रूट मार्शल तैनात किए गए हैं, जो सड़क पर अवैध पार्किंग हटाते हैं.अवैध तरीके से सवारी बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई होती है.मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट यानी सीएम ग्रिड के तहत गाजियाबाद की लगभग 16 किलोमीटर लंबी छह प्रमुख सड़कों का 308 करोड़ से कायाकल्प होगा.
ये भी पढ़ें - गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में 10 एकड़ में बन रहा सबसे बड़ा पार्क, मेरठ रोड का ये पार्क 37 करोड़ में बनेगा
गाजियाबाद में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का विस्तार
गाजियाबाद नगर निगम ने शहर के ट्रैफिक को स्मार्ट और ऑटोमैटिक बनाने के लिए ITMS सिस्टम लागू किया है. पहले चरण में शहर के 57 प्रमुख चौराहों और हाईवे मोड़ पर AI कैमरे लगाए गए हैं. दूसरे चरण में लालकुआं, क्रॉसिंग रिपब्लिक, घंटाघर और मोहन नगर समेत 14 अन्य जंक्शनों को इससे जोड़ा गया है. ट्रैफिक उल्लंघन की पहचान कैमरों से तुरंत होगी. सड़क हादसों पर लगाम के लिए शहर के अंदर 40 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति सीमा होगी.
ये भी पढ़ें - नई दिल्ली-गाजियाबाद EMU का अलीगढ़ तक विस्तार, दादरी-दनकौर-खुर्जा-सोमना समेत 15 स्टॉपेज बढ़ाए गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं