प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन PAC कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (I-PAC) के डायरेक्टर विनेश चंदेल को 13 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है. ईडी के मुताबिक, विनेश चंदेल I-PAC कंपनी के फाउंडर, डायरेक्टर और 33 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले प्रमुख व्यक्ति हैं. एजेंसी का आरोप है कि कंपनी के जरिए करीब 50 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि को मनी लॉन्ड्रिंग के माध्यम से घुमाया गया.
दिल्ली पुलिस की FIR से शुरू हुई ED की जांच
ईडी की यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी. शुरुआती जांच में ही कई गंभीर वित्तीय गड़बड़ियां सामने आईं. एजेंसी का दावा है कि कंपनी के माध्यम से काले धन को सफेद करने का एक संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था.
यह भी पढ़ें- होर्मुज बंद करके बैठे ट्रंप के खिलाफ पार्टनर ही बना रहा प्रेशर! सऊदी अरब को ईरान से क्या नया डर सता रहा?
जांच में सामने आईं ये गड़बड़ियां
ईडी की जांच में जिन तरीकों का खुलासा हुआ है, उनमें शामिल हैं:
- बहीखाते वाले और बिना बहीखाते के पैसे लेना
- बिना ठोस कारोबारी गतिविधि के बड़े-बड़े अनसिक्योर्ड लोन लेना
- फर्जी बिल और इनवॉइस के जरिए लेन-देन
- थर्ड पार्टी के माध्यम से फंड ट्रांसफर
- हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हवाला के जरिए पैसों का लेन-देन किया गया.
₹50 करोड़ की संदिग्ध रकम का खुलासा
ईडी के अनुसार, अब तक की जांच में करीब 50 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का पता चला है, जिसे विभिन्न माध्यमों से एक जगह से दूसरी जगह घुमाया गया. इस मामले में कई लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए गए हैं.
यह भी पढ़ें- यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार का बड़ा आदेश, नोएडा में न्यूनतम मजदूरी 21 फीसदी बढ़ाने का ऐलान
एजेंसी का कहना है कि जांच में विनेश चंदेल की सक्रिय भूमिका सामने आई है और यह पूरा लेन-देन उनकी जानकारी और सहमति से किए जाने के पर्याप्त संकेत मिले हैं.
कोर्ट ने 10 दिन की ED रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद विनेश चंदेल को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. 13 अप्रैल की रात से शुरू हुई सुनवाई 14 अप्रैल की सुबह तक चली, जिसके बाद एडिशनल सेशंस जज शेफाली बरनाला टंडन ने विनेश चंदेल को 10 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया.
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
फिलहाल ईडी इस पूरे मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं