Karnataka Dowry Suicide Case: अभी देश अभी भोपाल में होने वाली ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कर्नाटक के बल्लारी (Ballari) जिले से भी दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना की एक और दिल दहला देने वाली घटना ने सभी झकझोर दिया है. दरअसल, कर्नाटक के बल्लारी जिले के काम्पली शहर में एक 24 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान ऐश्वर्या के रूप में हुई है. आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे पति और सास की ओर से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ऐश्वर्या ने पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सक (veterinary doctor) के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने प्यार के बाद एक नए जीवन की शुरुआत की थी, लेकिन ऐश्वर्या के परिवार वालों का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही उसकी सास और पति ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. परिवार का आरोप है कि ऐश्वर्या के खिलाफ अपनी मां के दुर्व्यवहार और प्रताड़ना में पति प्रदीप कुमार ने कभी भी अपनी पत्नी ऐश्वर्या का साथ नहीं दिया. वह मूकदर्शक बना रहा, जिससे ऐश्वर्या पूरी तरह टूट गई.
मायके आकर उठाया खौफनाक कदम, डेथ नोट में बयां किया दर्द
ससुराल में लगातार मिल रहे मानसिक दर्द और अकेलेपन से परेशान होकर ऐश्वर्या आखिरकार अपने मायके लौट आई थी, लेकिन मानसिक तनाव इस कदर बढ़ चुका था कि उसने अपने मायके के घर में ही फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. आत्महत्या करने से पहले ऐश्वर्या ने एक डेथ नोट (Death Note) भी लिखा था. पुलिस के अनुसार, इस पत्र में उसने अपने इस आत्मघाती फैसले के पीछे की पूरी कहानी और उन वजहों का विस्तार से जिक्र किया है, जिन्होंने उसे मरने पर मजबूर किया.
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा के पिता का छलका दर्द; भोपाल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटना के बाद काम्पली पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई. इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के आरोपी पति प्रदीप कुमार और उसकी मां (सास) को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और डेथ नोट के आधार पर आगे के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- MBA ग्रेजुएट, योगा ट्रेनर, मॉडल-एक्टर, क्या नहीं थी ट्विशा शर्मा? जिस तारीख को शादी... उसी दिन छोड़ गई दुनिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं