विज्ञापन

राजनाथ सिंह के Deepfake वीडियो से ठग दे रहे 1 करोड़ मुनाफे की गारंटी... निवेश के नाम पर लूट का जाल

सोशल मीडिया पर एक मिनट 46 सेकंड के डीपफेक वीडियो में राजनाथ सिंह की तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करके 22 हजार के निवेश पर एक करोड़ तक के गारंटीड मुनाफे का लालच दिया जा रहा है.

राजनाथ सिंह के Deepfake वीडियो से ठग दे रहे 1 करोड़ मुनाफे की गारंटी... निवेश के नाम पर लूट का जाल

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार डीपफेक सोशल मीडिया पर कितना बड़ा खतरा बन चुका है, इसका ताजा उदाहरण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रूप में सामने आया है. हूबहू राजनाथ सिंह जैसा दिखने वाला एक फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का प्रयास किया गया है, जिसमें लोगों को 22 हजार लगाने पर एक महीने में ही एक करोड़ देने का लालच देकर निवेश के लिए फंसाया जा रहा था. 

मुनाफा नहीं तो 10 लाख मुआवजे का लालच

एक मिनट 46 सेकंड का ये साइबर ठगी का वीडियो राजनाथ सिंह से बिल्कुल मिलती-जुलती तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करके डीपफेक के जरिए तैयार किया गया है. इसमें 22 हजार निवेश करने पर एक करोड़ रुपये तक के गारंटीड मुनाफे का लालच दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि अगर मुनाफा नहीं हुआ तो 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. 

Latest and Breaking News on NDTV

भारत सरकार, नामी बैंकों के नाम का इस्तेमाल

फेसबुक पर वायरल कराए जा रहे इस वीडियो में ये भी दावा किया जा रहा है  भारत सरकार से अप्रूव्ड इस स्कीम को राजनाथ सिंह की देखरेख में आम लोगों की मदद के लिए शुरू किया गया है, इसलिए इसमें कोई खतरा नहीं है. इसमें बताया जा रहा है अगर कोई आज ही 22 हजार रुपये का निवेश करेगा तो आज की आज ही उसकी रकम बढ़कर 80 हजार रुपये हो जाएगी और एक महीने के अंदर ही रकम 15 लाख रुपये हो जाएगी. अगर छह महीने पहले निवेश किया होता तो रकम बढ़कर अब एक करोड़ हो चुकी होती. 

लोगों को फंसाने का पूरा इंतजाम

  • लोगों को तुरंत निवेश के लिए फुसलाने के लिए इस वीडियो में हर चाल का प्रयोग किया गया है. 
  • दावा किया जा रहा है कि इस स्कीम को लेकर लोगों में इतना क्रेज है कि रजिस्ट्रेशन बंद करने पड़ रहे हैं. 
  • कहा जा रहा है कि अगर वीडियो के नीचे लिंक अगर अभी भी एक्टिव है तो आप खुशकिस्मत हैं. 
  • फेक वीडियो को जेनुइन दिखाने के लिए राजनाथ की तस्वीर के साथ तिरंगे झंडे का भी प्रयोग किया गया है. 
  • भारत सरकार के लोगो के साथ एसबीआई, पीएनबी, इन्फोसिस जैसे नामी बैंकों और कंपनियों को 'ऑफिशियल पार्टनर' बताया गया है. 
  • वीडियो को जेनुइन दिखाने के लिए BSE की ऑफिशियल बेवसाइट से मिलते जुलते फॉर्मेट में बनाया गया है. 

टेक्निकल जांच से खुली पोल 

Athenian Tech की रिपोर्ट में टेक्निकल जांच से पता चला है कि इस वीडियो को रेंडम नाम वाले लेंडिंग पेज https://v4rbecjinkwedraf.com/ से फैलाया जा रहा है. इस स्कैम वेबसाइट की असली पहचान छिपाने और हटाने से बचाने के लिए क्लाउडफेयर की मदद से तैयार किया गया है. फेसबुक पर इस वीडियो को WorldSnap नाम के पेज से पोस्ट किया गया है. उसे 'कंसलटेंसी एजेंसी' बताया गया है और उसके 1100 फॉलोअर्स भी दिखाए गए हैं. वैसे इस नाम के कई और भी जेनुइन  फेसबुक पेज हैं. हालांकि अब ये वीडियो फेसबुक से हटाया जा चुका है. WorldSnap (आईडी 61578554740746) पर अब कोई वीडियो नहीं दिख रहा है. ये साफ नहीं है कि क्या इस डीपफेक वीडियो को फेसबुक ने हटाया है या फिर पोस्ट करने वाले ने खुद ही हटा लिया है. 

देखें- जमशेदपुर में साइबर ठगी बनी मौत का कारण, एयर एंबुलेंस के नाम पर लिए 8 लाख, फिर फोन कर लिया बंद

निर्मला समेत नामी लोगों का देते हैं झांसा

इस तरह के फेक स्कैम वीडियो के जरिए भोले-भाले निवेशकों को फुसलाकर लूटने का ये कोई नया ट्रेंड नहीं है. तमाम नामी गिरामी लोगों के इसी तरह के डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होते रहते हैं. पीएम मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, इन्फोसिस फाउंडर नारायणमूर्ति तक के इसी तरह के फर्जी निवेश स्कीम बताने वाले वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं. इन फर्जी वीडियो को तैयार करने वाले इतने शातिर हैं कि हालिया घटनाओं को आधार बनाकर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास करते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

पढ़े-लिखे लोग भी लुटा रहे जमापूंजी

भारत में डीपफेक और एआई का इस्तेमाल करके स्कैम, घोटाले और फर्जीवाड़े का गोरखधंधा कितना बढ़ चुका है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हर साल लाखों लोग इनके शिकार बन जाते हैं. आम भोले भाले लोगों को छोड़िए, अच्छे खासे पढ़े लिखे लोग भी इनके चंगुल में फंस जाते हैं और अपनी जिंदगी भर की जमापूंजी लुटा बैठते हैं. पीआईबी की पिछले साल अक्तूबर की रिपोर्ट बताती है कि साइबर सिक्योरिटी संबंधी घटनाएं 2022 में 10.29 लाख थीं, जो 2024 में दोगुने से ज्यादा होकर 22.68 लाख तक पहुंच गईं. 

2024 में 22 हजार करोड़ रुपये लोगों ने गंवाए

नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के हवाले से पिछले साल सरकार ने संसद में बताया था कि साल 2024 में साइबर क्रिमिनल्स के चंगुल में फंसकर लोगों ने 22, 845 करोड़ रुपये गंवा दिए थे. यह 2023 के 7,465 करोड़ से 206 पर्सेंट ज्यादा था. 2023 में जहां 15.35 लाख शिकायतें दर्ज हुई थीं, वहीं 2024 में इनकी संख्या बढ़कर 22.68 लाख तक पहुंच गई थी. सरकार साइबर फ्रॉड पर नकेल कसने के लिए तमाम उपाय कर रही है, लेकिन साफ है कि साइबर अपराधियों के हौसले दिनोंदिन बुलंद होते जा रहे हैं. 

देखें- पुतिन से पंगा लेकर जीता ऑस्कर, US अफसर बोले- ये 'हथियार' है, नहीं ले जाने देंगे; अब आसमान से गायब हुई ट्रॉफी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com