चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने ओडिशा में भारी तबाही मचाई है. तूफान के बाद दक्षिणी ओडिशा में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने बाढ़ का रूप ले लिया है. इस समय गंजाम जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है. यहां चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं. सड़कों पर पानी भरने से संपर्क टूट गया है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है.
ऋषिकुल्या नदी खतरे के निशान के पार, दर्जनों गांव डूबे
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ऋषिकुल्या नदी उफान पर है. पुरुषोत्तमपुर में नदी का पानी खतरे के निशान को पार कर गया है. सोरड़ा, शेरगड़ा और सनाखेमुंडी जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है. सोरड़ा ब्लॉक के पालाकाटु, नुआगांव, ताताबाली और सुरमणि गांव पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं. इसके अलावा शेरगड़ा ब्लॉक के बी. ब्रह्मपुर, कृतिपुर और नारायणपुर गांवों का भी बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है. पानी के तेज बहाव के कारण आसिका से ब्रह्मपुर और सोरड़ा के बीच सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो गया है.
120 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए चलेंगे हेलीकॉप्टर
बाढ़ के गंभीर हालातों को देखते हुए ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने एक हाई लेवल बैठक की. उन्होंने बताया कि गंजाम जिले में चार अलग-अलग जगहों पर करीब 120 लोग बाढ़ के पानी के बीच फंसे हुए हैं. इन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एयरलिफ्ट करने की योजना बनाई गई है. राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से संपर्क साधा है. इन लोगों को बचाने के लिए भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है.

Cyclone Arnab: ओडिशा के गंजाम जिले में बाढ़ का कहर चरम पर पहुंच गया है. मौके पर तैनात राज्य के डिजास्टर मैनेजमेंट टीम के लोगों ने कई लोगों का रेस्क्यू किया है.
Photo Credit: कुमार देव
बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है. गंजाम जिले में राहत कार्य के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 15 टीमों को तैनात किया गया है. इन टीमों को खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, कटक और भद्रक से तुरंत गंजाम के लिए रवाना किया गया है. प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और उन तक खाना-दवाई जैसी जरूरी चीजें पहुंचाना है.
24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा में बेहद भारी बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 546 मिमी बारिश पत्रापुर में रिकॉर्ड की गई.
- पत्रापुर: 546 मिमी
- जी. उदयगिरि: 462.4 मिमी
- सनाखेमुंडी: 388 मिमी
- राइकिया: 384.8 मिमी
- सोरड़ा: 375 मिमी
- चिकिटी: 309.2 मिमी
आंध्र प्रदेश में रेलवे पुल डूबा, ट्रेनें थमीं
इस चक्रवात का असर पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश पर भी पड़ा है. आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में रेलवे पुल के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है. इस वजह से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया है. ओडिशा सरकार लगातार रेलवे अधिकारियों के संपर्क में है. स्टेशनों पर फंसे रेल यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती नदियों, नालों और पानी से भरे पुलों से दूर रहें.
ये भी पढ़ें: 6 मौतों से दहला शिवपुरी: गर्भवती बहन ने बेटे संग लगाई छलांग, शाम को बड़ी बहन ने 3 बच्चों संग दी जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं