- कॉकरोच जनता पार्टी और केंद्र सरकार के बीच नीट पेपर लीक आंदोलन को लेकर नई दिल्ली में वार्ता हुई।
- हेल्थ मिनिस्टर जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सीजेपी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
- सीजेपी ने तीन प्रमुख मांगों में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, मुआवजा और कानूनी कार्रवाई न होने की बात कही।
नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन का नेतृत्व करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी और केंद्र सरकार के बीच वार्ता हुई है. नई दिल्ली के विट्ठल हाउस में हेल्थ मिनिस्टर जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सीजेपी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. एक घंटे तक चली मीटिंग में सीजेपी की ओर से सौरभ दास और आशुतोष रांका ने फिर से तीन मांगों को रखा, जिन्हें कई बार वे दोहरा चुके हैं. इस मीटिंग में इन लोगों ने फिर से मांग रखी कि शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाए. इसके अलावा 20 से ज्यादा उन लोगों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए, जिन्होंने नीट पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी. तीसरी मांग यह है कि आंदोलन करने वाले लोगों पर कोई कानूनी कार्रवाई न हो, जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज भी हुए हैं, उन्हें वापस लिया जाए.
सूत्रों का कहना है कि दूसरी और तीसरी शर्त को सरकार मानने के लिए तैयार है, लेकिन पहली मांग से अब तक इनकार ही है. पहली मांग में सीजेपी के प्रतिनिधियों ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए, लेकिन सरकार फिलहाल इस पर सहमत नहीं दिखती है. दरअसल सरकार का मत है कि अकेले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने से ही कुछ नहीं होगा. इसकी बजाय सिस्टम में खामियों को दूर किया जाएगा और अपराधियों के लिए सख्त सजा का प्रावधान होगा. यही नहीं सरकार का कहना है कि भविष्य में नीट की परीक्षा ऑनलाइन ही ली जाएगी.
सीजेपी ने फिर दोहराया- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन
मीटिंग के बाद सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा, 'हमें सरकार को बहुत साफ़ शब्दों में यह बताया है. धर्मेंद्र प्रधान जी के इस्तीफे या कैबिनेट में उनकी बर्खास्तगी के कुछ भी मंजूर नहीं होगा. पूरे देश भर में इस समय जहां अलग-अलग आंदोलन चल रहे हैं. दैट धर्मेन्द्र प्रधान हैज़ टू रिजाइन और ही नीड्स टू बी सैकड. सरकार से इस बारे में विस्तृत चर्चा हुई है. सरकार ने इस इस मुद्दे पर इस पॉइंट पर जवाब देने के लिए कल दोपहर तक का समय मांगा है. हमने सरकार को बता दिया है कि पूरे देश भर में इस समय प्रदर्शन चल रहे हैं. और अगर हमें जंग ही धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा या बर्खास्तगी नहीं मिली, तो ये प्रोटेस्ट और व्यापक होंगे और जल्द ही कॉर्पोरेट जनता पार्टी को एक और नेशनल कॉल देना होगा. हम उम्मीद करते हैं कि सरकार जल्द से जल्द धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करेगी या वो इस्तीफा देंगे और इस मामले को हमें कंक्लूजन की ओर लेकर जा पाएंगे.'
बैठक के बाद जेपी नड्डा ने क्या बताया
हेल्थ मिनिस्टर जेपी नड्डा ने कहा, 'सीजेपी की बातें हमने सुनी हैं. आज दोनों लोग विषयों पर चर्चा करने के लिए यहां आए थे. लगभग दो घंटे बातचीत चली मैं और जितेंद्र सिंह सरकार की तरफ से मौजूद थे. सारी बातें सौहार्द पूर्ण वातावरण में हुई, कई बातों पर हर तरीके से चर्चा हुई. उनकी मुख्य रूप से तीन मांगें थी और 5 सुझाव थे. हमने उनसे कहा था कि हम कल फिर दोपहर बाद मिलेंगे और उसमें हम आपको अपनी बात बताएंगे.'
वांगचुक का अनशन खत्म और एक्शन मोड में सरकार, अब तक कई फैसले
बता दें कि इस मामले को लेकर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने कल देर रात अनशन तोड़ दिया था. सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने उनका अनशन तुड़वाया था. इसके अलावा पीएम मोदी ने खुद फेसबुक पर लाइव आकर अपनी बात रखी थी और फास्ट ट्रैक कोर्ट समेत कई बड़े फैसलों की बात कही थी. अब सरकार ने नकल रोकने के लिए संशोधन बिल को भी मंजूरी दे दी है. इस तरह सरकार ने लगातार कई कदम उठाए हैं और अब उसकी उम्मीद है कि जंतर-मंतर पर डटे युवा प्रदर्शन खत्म कर देने का ऐलान करेंगे. हालांकि अब तक प्रदर्शनकारी इस बात पर डटे हुए हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहुिए.
यह भी पढ़ें: 10 साल की सजा, 10 करोड़ जुर्माना... पेपर लीक के खिलाफ सरकार का नया कठोर कानून
सुप्रीम कोर्ट ने किस बात पर सरकार को किया है अलर्ट
इस बीच सुप्रीम कोर्ट में भी शुक्रवार को मामले की सुनवाई हुई है. अदालत में सरकार की ओर से बताया गया कि शीर्ष स्तर से पूरे मामले की निगरानी की जा रही है. हम बच्चों की चिंताओं के लिए अलर्ट हैं और 10 कदम आगे बढ़कर एक्शन लेने के लिए तैयार हैं. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम सरकार से उम्मीद करते हैं कि जब अगले साल ऑनलाइन परीक्षा होगी तो साइबर सिक्योरिटी और डेटा प्रोटेक्शन को लेकर भी सरकार सख्त रहेगी. उसमें किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं