विज्ञापन

जबलपुर क्रूज हादसे में बड़ा एक्शन, CM ने बोट क्लब मैनेजर को किया निलंबित, पायलट समेत पांच पर गिरी गाज

जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की है. बोट क्लब मैनेजर को निलंबित किया गया है, जबकि क्रूज पायलट समेत पांच कर्मचारियों पर गाज गिरी है. मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

जबलपुर क्रूज हादसे में बड़ा एक्शन, CM ने बोट क्लब मैनेजर को किया निलंबित, पायलट समेत पांच पर गिरी गाज
बरगी हादसे के बाद सीएम यादव का एक्शन.
  • जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की है.
  • क्रूज पायलट, हेल्पर और टिकट प्रभारी की सेवाएं समाप्त कर होटल मैनेजर को निलंबित कर दिया गया है.
  • वरिष्ठ अधिकारी संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

Jabalpur Cruise Accident Action: जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इस घटना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेहद गंभीरता से लिया है और लापरवाही के आरोपों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री का साफ संदेश है कि जन सुरक्षा से जुड़ी किसी भी चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

हादसे के बाद तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई

बरगी डैम हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं. इसके साथ ही होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है.

वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गिरी गाज

मुख्यमंत्री ने इस मामले में रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. सरकार का मानना है कि दुर्घटना के लिए सिर्फ मौके पर मौजूद स्टाफ ही नहीं, बल्कि निगरानी व्यवस्था की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

Latest and Breaking News on NDTV

पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री

कार्रवाई से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर पहुंचकर बरगी हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की थी. उन्होंने कोतवाली से दरहाई क्षेत्र में स्वर्गीय नीतू सोनी के निवास पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं. इसके अलावा वह रियाज हुसैन के घर भी गए और परिवार को ढांढस बंधाया.

उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन

मुख्यमंत्री ने हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति के गठन का ऐलान किया है. यह समिति तीन अहम बिंदुओं पर जांच करेगी. 

  • पहला- दुर्घटना की शुरुआत से अब तक के सभी कारणों की जांच.
  • दूसरा- हादसे के समय बनी परिस्थितियों का विश्लेषण.
  • तीसरा- यह देखा जाएगा कि दुर्घटना के वक्त तय प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया या नहीं.

पर्यटन गतिविधियों के लिए बनेगी नई एसओपी

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए नौका पर्यटन, क्रूज पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसी सभी गतिविधियों के लिए एक स्पष्ट और सख्त एसओपी तैयार की जाएगी. इसमें सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा.

हादसे से प्रदेश में शोक का माहौल

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. इस घटना से पूरा मध्य प्रदेश स्तब्ध है और हर कोई पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है.

मुआवजा और सम्मान की घोषणा

प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4‑4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों को 2‑2 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. वहीं, जिन लोगों ने हादसे के दौरान दूसरों की जान बचाई, उन्हें 51‑51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.

ये भी पढ़ें-

जबलपुर बरगी डैम हादसा: बच्चों को लगाया गले, बेटी के सिर पर रखा हाथ, पीड़ितों से सीएम यादव ने बंधाया ढांढस

इजरायली महिला सविता बनीं फरिश्ता? 9 मौतों के बाद सामने आया बरगी डैम में क्रूज पलटने से पहले का VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jabalpur Cruise Accident, Bargi Dam Boat Accident, CM Mohan Yadav Action, MP Tourism Accident Update, Jabalpur Boat Accident News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com