- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों के लिए बीजेपी पर को जिम्मेदार ठहराया
- सीएम मान ने कहा कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए राज्य में डर का माहौल बना रही है
- भगवंत मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है
पंजाब के अमृतसर और जालंधर में हुए दो धमाकों को सीएम भगवंत मान ने मामूली बताते हुए इनका आरोप बीजेपी पर मड़ दिया. सीएम मान ने इन धमाकों के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराकर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी इसी तरह कर रही है. उन्होंने मीडिया से कहा कि बीजेपी राज्य में डर का माहौल बनाना चाहती है. वह लोगों को डराकर उनके वोट हासिल करना चाहती है.
धमाकों को लेकर बीजेपी पर बरसे भगवंत मान
भगवंत मान ने तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं. बीजेपी कह रही है कि अब पंजाब की बारी है. इससे ये संकेत मिलता है कि ये मामूली धमाके बीजेपी की पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा हैं. धमाकों की जांच की जा रही है. पंजाब सीएम ने आरोप लगाया कि बीजेपी हमेशा हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है.
'बीजेपी को अशांति फैलाने की आदत'
मान ने कहा कि पंजाब एक शांतिपूर्ण राज्य है. हम वो लोग हैं जो हमेशा विश्व कल्याण की कामना करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को उन राज्यों में अशांति फैलाने की आदत है जहां वह चुनाव लड़ रही है. नए लागू हुए बेअदबी विरोधी कानून पर भगवंत मान ने कहा कि यह बीजेपी द्वारा समुदायों के बीच संघर्ष भड़काने की कोशिशों को दिखाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून बीजेपी के एजेंडे के खिलाफ है.

धमाकों से डराने की कोशिश
पंजाब सीएम ने बीजेपी के रवैये पर चिंता जताते हुए कहा कि बीजेपी पंजाब के लिए तैयार होने का दावा कर रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वह वोट हासिल करने के लिए इन छोटे-मोटे धमाकों से लोगों को डराने की कोशिश कर रही है. जबकि पंजाब अतीत में पहले ही बुरे दौर देख चुका है.बता दें कि मंगलवार रात को दो धमाके हुए, जिनमें एक जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर और दूसरा अमृतसर के खासा में सेना छावनी क्षेत्र के पास हुआ. वहीं, आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि बीजेपी जहां भी चुनाव लड़ती है हिंसा का रास्ता अख़्तियार करती है.
🔴#BREAKING | पंजाब के अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर धमाका, घटना की जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम#Jalandhar | #Punjab | #Amritsar | @tabishh_husain | @Gurpreet_Chhina pic.twitter.com/ge4k1Y7Eex
— NDTV India (@ndtvindia) May 6, 2026
भगवंत मान के बयान पर क्या बोले मनोज तिवारी?
भगवंत मान के बयान पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मुझे बहुत दुख हुआ कि बम विस्फोट की घटना पर उन्होंने इतना गैर जिम्मेदाराना बात की. इन लोगों ने पंजाब को अपराध और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है. उन्होंने पूछा कि कोई भी सरकार इतनी गैर जिम्मेदार कैसे हो सकती है? देश के सिरमौर पंजाब को आम आदमी पार्टी ने कहां पहुंचा दिया.
अपराधियों से इन लोगों की मिलीभगत है
आज पंजाब की जनता इंतजार कर रही है कि चुनाव आए और बीजेपी को वहां बिठाए जैसे पश्चिम बंगाल में हुआ है. उन्होंने भगवंत मान पर अरविंद केजरीवाल की सह पर बयान देने का आरोप लगाया. बीजेपी सांसद ने कहा कि अपराधियों से इन लोगों की मिलीभगत है इसलिए ये अपराधियों को निकलने का स्पेस दे रहे हैं. राजनीतिक झगड़ा करो और अपराधियों को निकाल दो.मनोज तिवारी ने कहा कि बीजेपी के शासन में अपराध अगर हो भी जाए तो दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि उसकी कई पुश्तें कापेंगी. पंजाब की सरकार अब कुछ दिनों की मेहमान है.
ये भी पढ़ें- देसी बम, टाइमर से किया गया ब्लास्ट... अमृतसर में आखिर हुआ क्या? पंजाब के DGP ने बताया
ये भी पढ़ें- हरभजन के घर पर पत्थर, राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री का पानी काटा... राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति से मिल क्या-क्या बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं