विज्ञापन
This Article is From Aug 07, 2017

छत्तीसगढ़: राखी बांधने बैठी थीं बहनें, घर आए शहीद भाइयों के ताबूत

राजनांदगांव जिले के भावे जंगल में रविवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में पुलिस सब इंस्पेक्टर युगल किशोर वर्मा और हवलदार कृषलाल साहू शहीद हो गए थे.

छत्तीसगढ़: राखी बांधने बैठी थीं बहनें, घर आए शहीद भाइयों के ताबूत
रक्षा बंधन वाले दिन दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर उनके गांव लाए गए (फाइल फोटो)
  • रविवार को भावे जंगल में नक्सलियों के साथ हुई थी मुठभेड़
  • मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर युगल किशोर और हवलदार शहीद
  • रक्षा बंधन के दिन घर लाए गए दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर
राजनांदगांव: रक्षाबंधन के त्योहार पर समूचे देश की बहनें अपने भाइयों की कलाइयों में राखियां सजा रही थीं, मगर छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी और छछानपहरी गांव में सोमवार को मातम पसरा था. यहां भी बहनें हाथ में राखी लेकर अपने भैया का इंतजार कर रही थीं, मगर इस बार भैया की जगह उनका ताबूत आया.

जिले के भावे जंगल में रविवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस सब इंस्पेक्टर युगल किशोर वर्मा और हवलदार कृषलाल साहू के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह जब उनके घर लाए गए तो बहनें बेतहाशा चीख पड़ीं. राखियां हाथों से छूट गईं, पूरे घर में कोहराम मच गया. 

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी शहीद

ताबूत के साथ गए जवानों ने उन्हें ढाढस बंधाया कि शहीदों की शहादत पर रोया नहीं जाता. तब बहनों ने जी कड़ा किया और अपने आंसू पोंछ लिए. 

शहीद हुए 2008 बैच के सब इंस्पेक्टर युगल किशोर वर्मा बलौदाबाजार जिले के ग्राम पलारी के निवासी थे. दूसरे शहीद जवान जिले के अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम छछानपहरी के निवासी थे. जिले के दो वीर जवानों के शहीद होने से जिले और पूरे राज्य में शोक है. 

VIDEO: छत्तीसगढ़ में 'ऑपरेशन प्रहार' में 14 नक्सली मारे गए राजनांदगांव पुलिस लाइन में वीर सपूतों के अंतिम दर्शन के लिए लोग पहुंचे. सोमवार सुबह 7.30 बजे जिला और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों और आम नागरिकों की मौजूदगी में सभी ने नम आंखों से शहीद जवानों को अंतिम विदाई दी. 

दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपांशु काबरा, कलेक्टर भीम सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने शहीद जवानों को पुष्पचक्र भेंट कर सलामी दी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gun Battle With Maoists
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com