- लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कनाडा के कैलगरी में भारतीय मूल के कारोबारी हरप्रीत बराड़ पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली है
- गैंग के सक्रिय सदस्य आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इस हमले की खुलकर जिम्मेदारी स्वीकार की है
- गैंग का आरोप है कि हरप्रीत बराड़ अपने विरोधियों को आर्थिक मदद, हथियार और बुलेटप्रूफ गाड़ियां मुहैया करा रहा है
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक बार फिर सात समंदर पार कनाडा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए दहशत फैला दी है. गैंग के गुर्गों ने कनाडा के कैलगरी में एक भारतीय मूल के कारोबारी के ठिकानों पर अंधाधुंध फायरिंग की है. वारदात के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है.
आरजू और टायसन बिश्नोई ने ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के सक्रिय सदस्य आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने ली है. फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई पोस्ट में गैंग ने स्पष्ट किया है कि यह हमला कैलगरी स्थित 'मालवा टायर' (Malwa Tyre) के मालिक हरप्रीत बराड़ पर किया गया है.

"घर में घुसकर छाती में मारेंगे गोलियां" – खौफनाक चेतावनी
गैंग द्वारा जारी पोस्ट में बेहद सख्त और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है. पोस्ट का मुख्य अंश इस प्रकार है:
"राम-राम सभी को. आज कैलगरी में मालवा टायर वाले हरप्रीत बराड़ पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं (टायसन बिश्नोई) और मेरा भाई आरजू बिश्नोई लेते हैं. इसे हमने पहले भी चेतावनी दी थी, लेकिन यह बच गया था."
हमले की वजह: दुश्मनों को फंडिंग और हथियार
बिश्नोई गैंग ने हरप्रीत बराड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कारोबारी लॉरेंस गैंग के दुश्मनों को आर्थिक मदद (Funding) पहुंचा रहा है. गैंग का दावा है कि वह दुश्मनों को हथियार और बुलेटप्रूफ गाड़ियां उपलब्ध कराता है.
"अगली बार चेतावनी नहीं, सीधा गला काटेंगे"
पोस्ट के अंत में गैंग ने हरप्रीत बराड़ और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों को 'आखिरी चेतावनी' दी है. गैंग ने लिखा है कि अगर अब भी वह नहीं सुधरा, तो अगली बार घर में घुसकर हत्या कर दी जाएगी. साथ ही, उन लोगों को भी पीछे हटने की सलाह दी गई है जो उनके विरोधियों का साथ दे रहे हैं, वरना उन्हें भी 'बलि' चढ़ाने की धमकी दी गई है.
कनाडा में बढ़ता बिश्नोई गैंग का नेटवर्क
पिछले कुछ महीनों में कनाडा में बिश्नोई गैंग द्वारा की गई यह कोई पहली वारदात नहीं है. इससे पहले भी पंजाबी गायकों और कारोबारियों को निशाना बनाया जा चुका है. इस ताजा घटना ने कनाडा में रह रहे भारतीय मूल के कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय कनाडाई पुलिस अब इस फायरिंग और वायरल पोस्ट की जांच में जुट गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं