विज्ञापन

यूपी चुनाव में जीत के लिए बीजेपी को इन 18900 बूथ की जरूरत

बीजेपी को सबसे बड़ा झटका ग्रामीण क्षेत्रों में लगा था, जहां वह करीब 80 फीसदी बूथों पर अपनी बढ़त गंवा बैठी थी. अवध और पूर्वांचल में बीजेपी को सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला.

यूपी चुनाव में जीत के लिए बीजेपी को इन 18900 बूथ की जरूरत
यूपी चुनाव के लिए बीजेपी की तैयारी
NDTV

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. हर बार की तरह एक बार फिर बूथ लेवल मैनेजमेंट पर फोकस किया जा रहा है. किस तरह कार्यकर्ता काम करें, अधिक से अधिक लोगों से संपर्क साधा जाए और हर एक बूथ तक बीजेपी का संदेश पहुंचाया जाए, इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है.

इसी कड़ी में बीजेपी की नजर इस बार 18,900 उन बूथों पर है, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन दो साल बाद हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे इन बूथों पर हार का सामना करना पड़ा. अब इन हारे हुए बूथों पर दोबारा जीत कैसे दर्ज की जाए, इसे लेकर बीजेपी की रणनीति क्या रहने वाली है, इस पर फोकस किया जा रहा है.

इसी कड़ी में बीजेपी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े 16 सितंबर से 22 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उन क्षेत्रों पर खास फोकस रहेगा, जहां पार्टी को पिछली बार हार मिली थी.

जानकारी के लिए बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को उत्तर प्रदेश से बड़ा झटका लगा था. पार्टी राज्य में महज 33 सीटें जीत पाई थी, जबकि 2019 में उसने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, समाजवादी पार्टी ने अपनी सीटों की संख्या बढ़ाकर 37 कर ली थी, जबकि 2019 में उसे महज पांच सीटें मिली थीं.

बीजेपी को सबसे बड़ा झटका ग्रामीण क्षेत्रों में लगा था, जहां वह करीब 80 फीसदी बूथों पर अपनी बढ़त गंवा बैठी थी. अवध और पूर्वांचल में बीजेपी को सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला.

2022 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो अवध क्षेत्र की 154 सीटों में से बीजेपी ने 101 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं, पूर्वांचल की 102 सीटों में से 53 सीटें बीजेपी के खाते में गई थीं. हालांकि, अयोध्या, फैजाबाद, सुल्तानपुर और सीतापुर जैसे इलाकों में पार्टी को काफी नुकसान हुआ.

इसी तरह पूर्वांचल में गैर-ओबीसी वोटों का एक हिस्सा समाजवादी पार्टी की तरफ शिफ्ट हुआ, जिसका असर जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली,  प्रयागराज जैसे इलाकों में भी देखने को मिला.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड की बात करें तो 128 सीटों में से बीजेपी ने 2022 में 87 सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी सिर्फ 65 सीटों पर बढ़त बना पाई थी.

बुंदेलखंड की बात करें तो 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी सिर्फ 9 सीटों पर अपनी बढ़त बना पाई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BJP, Uttar Pradesh Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com