विज्ञापन
This Article is From Dec 06, 2012

कांग्रेस और जद-एस से ज्यादा बुरी है भाजपा : येदियुरप्पा

भाजपा के साथ चार दशक पुराना संबंध तोड़ने के एक हफ्ते बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को भाजपा को कांग्रेस और जद (एस) से ज्यादा बुरी पार्टी बताया।
बेंगलुरु: भाजपा के साथ चार दशक पुराना संबंध तोड़ने के एक हफ्ते बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को भाजपा को कांग्रेस और जद (एस) से ज्यादा बुरी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि वह कभी अपनी पुरानी पार्टी में नहीं लौटेंगे।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘यह 100 फीसदी है। कांग्रेस और जद-एस से ज्यादा बुरी है भाजपा।’’ येदियुरप्पा आगामी 9 दिसंबर को हावेरी में औपचारिक तौर पर अपनी क्षेत्रीय पार्टी कर्नाटक जनता पार्टी की शुरूआत करेंगे।

भाजपा के 70 वर्षीय पूर्व नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘अपने जीवनकाल में किसी भी परिस्थिति में मैं अपनी पिछली पार्टी में नहीं लौटूंगा।’’ येदियुरप्पा को दक्षिण भारत में पहली बार भाजपा को सत्ता में लाने का श्रेय जाता है।

येदियुरप्पा ने कहा कि उन्होंने खुद को आरएसएस की विचारधारा से दूर कर लिया है और अब महात्मा गांधी, अंबेडकर और जयप्रकाश नारायण के सिद्धांतों से जुड़ गया हूं।

हालांकि, वह भाजपा के साथ अपने सम्बंधों को याद करना नहीं भूले। येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘पार्टी ने मुझे नगरपालिका के अध्यक्ष पद से लेकर मुख्यमंत्री पद तक सबकुछ दिया। मैंने भी पार्टी के लिए सबकुछ कुर्बान किया है। जब ऐसी चर्चा थी कि दक्षिण में भाजपा सत्ता में नहीं आ सकती तो कार्यकर्ताओं की मदद से मैं उसे सत्ता में लाया।’’

भाजपा में अपने कुछ विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मेरे खिलाफ तब साजिश रची गई जब मैं 2004 में विपक्ष का नेता था। वे नहीं चाहते थे कि मैं उस पद पर रहूं। जब मैं मुख्यमंत्री बन गया तब भी ऐसा चलता रहा।’’ येदियुरप्पा ने अपने पास भाजपा के 50 से 55 विधायकों और 12 सांसदों का समर्थन होने का दावा किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री समेत भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि वे अपनी सरकार की कीमत पर उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने में गलती की। लेकिन मैं इसे गिराकर इसके लिए जिम्मेदार होने के आरोपों का सामना नहीं करना चाहता। इसलिए, मैं संयम बरत रहा हूं।’’
लेखक के बारे में
img
Bhasha
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BS Yeddyurappa, BJP, भाजपा कर्नाटक, बीएस येदियुरप्पा, Karnataka BJP, नई पार्टी, New Political Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com