विज्ञापन

क्षेत्रीय दलों की पकड़ ढीली या राजनीति का नया दौर? बंगाल से केरल तक बदलते जनादेश ने बढ़ाई INDIA गठबंधन की टेंशन

क्या भारत में क्षेत्रीय राजनीति का स्वर्णकाल खत्म हो रहा है, इसमें युवा मतदाताओं का क्या है किरदार? समझिए आखिर कैसे चुनाव 2026 ने इंडिया गठबंधन में टेंशन बढ़ा दी है?

क्षेत्रीय दलों की पकड़ ढीली या राजनीति का नया दौर? बंगाल से केरल तक बदलते जनादेश ने बढ़ाई INDIA गठबंधन की टेंशन
PTI
  • चुनाव नतीजों से मिलते राजनीतिक संकेत बता रहे हैं कि अब केवल क्षेत्रीय पहचान जीत के लिए काफी नहीं रह गई है.
  • बीजेपी और राष्ट्रीय दल लगातार उन राज्यों में जगह बना रहे हैं जिन्हें कभी 'अजेय क्षेत्रीय किला' माना जाता था.
  • इंडिया गठबंधन के भीतर मौजूद वैचारिक टकराव और स्थानीय प्रतिस्पर्धा अब उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बनती जा रही है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

देश की राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. जिन राज्यों में कभी क्षेत्रीय दलों का दबदबा अटूट माना जाता था, वहां अब राष्ट्रीय दल तेजी से जगह बना रहे हैं. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका, केरल में वामपंथ का पतन, बिहार में आरजेडी की कमजोर होती पकड़ और तमिलनाडु में नई राजनीतिक ताकतों का उभार यह संकेत दे रहे हैं कि मतदाता अब सिर्फ क्षेत्रीय अस्मिता नहीं, बल्कि शासन, विकास, नेतृत्व और स्थिरता को भी महत्व दे रहा है. इसका सबसे बड़ा असर इंडिया गठबंधन पर पड़ सकता है, क्योंकि उसके कई घटक दल एक-दूसरे के खिलाफ ही चुनाव लड़ते हैं.

भारत की राजनीति लंबे समय तक दो बड़े दौरों से गुजरी. पहला दौर था कांग्रेस के राष्ट्रीय वर्चस्व का. दूसरा दौर आया क्षेत्रीय दलों के उभार का. लेकिन अब ऐसा लगता है कि देश तीसरे दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां मतदाता 'स्थानीय पहचान' के साथ-साथ 'राष्ट्रीय स्थिरता' के बीच नया संतुलन ढूंढ रहा है.

पिछले कुछ वर्षों से देश की राजनीति में एक बदलाव दिख रहा था, जो तब तो धुंधला था पर अब तेजी से अधिक स्पष्ट दिखाई देने लगा है. पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा, बिहार, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के राजनीतिक संकेत बता रहे हैं कि क्षेत्रीय दलों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो रहा है.

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत में क्षेत्रीय राजनीति का स्वर्णकाल खत्म हो रहा है? या फिर क्षेत्रीय दलों को खुद को नए दौर के हिसाब से बदलना होगा?

Latest and Breaking News on NDTV

बंगाल से निकला सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश

पश्चिम बंगाल को लंबे समय तक 'दिल्ली की राजनीति से अलग' राज्य माना जाता था. पहले वामपंथ और फिर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने यहां अपनी मजबूत पकड़ बनाई. लेकिन अब तस्वीर बदलती दिख रही है.

विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान और नतीजे आने के बाद जानकारों ने विस्तार से बताया है कि कैसे वहां बीजेपी ने अपनी पकड़ बनाई और तृणमूल कांग्रेस कमजोर होती चली गई.

जानकार बंगाल में बदलाव को केवल सत्ता परिवर्तन के नजरिए से न देखकर सत्ता विरोधी लहर, भ्रष्टाचार के आरोप, बेरोजगारी और राजनीतिक हिंसा के खिलाफ जमा लोगों के गुस्से के परिणाम के रूप में भी देख रहे हैं. 

इतना ही नहीं वहां राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी को भी सीटें मिली हैं जो बंगाल क्षेत्रीय दलों के नेतृत्व पर कम होते भरोसे को दर्शाता है.

ममता बनर्जी की राजनीति हमेशा बंगाल बनाम बाहरी के नैरेटिव पर टिकी रही. लेकिन इस चुनाव में युवा मतदाताओं को इस भावनात्मक राजनीति से आगे बढ़ते देखा गया.

नई पीढ़ी रोजगार, निवेश, उद्योग और प्रशासनिक स्थिरता की बात कर रही है. बंगाल की जनता इस लंबे चले आ रहे हिंसा की परिपाटी से उबरना चाहती है. चुनाव के बाद ममता की पार्टी के भीतर भी असंतोष की खबरें सामने आईं. यानी बंगाल की आवाम ने संदेश दिया है कि यह केवल क्षेत्रीय अस्मिता नहीं, बल्कि बेहतर शासकीय मॉडल का भी चयन है.

केरल में मुस्लिम लीग की सीटें 2021 के 15 से बढ़कर 2026 में 22 हो गई हैं

केरल में मुस्लिम लीग की सीटें 2021 के 15 से बढ़कर 2026 में 22 हो गई हैं
Photo Credit: PTI

केरल में वामपंथ का ऐतिहासिक संकट

अगर बंगाल ने एक बड़ा संदेश दिया है तो केरल का संकेत उससे भी अधिक गहरा है. यहां बेशक एलडीएफ और यूडीएफ के बीच सत्ता का संघर्ष चलता आया है लेकिन यही वो राज्य है जहां अब तक वामपंथी सरकार बची हुई थी. पर इस चुनाव ने केरल में लंबे समय से मजबूत माना जाने वाला वामपंथ का किला ध्वस्त होते हुए देखा है. यह केवल चुनावी हार ही नहीं बल्कि वैचारिक संकट को बचाने की हार भी दिखती है.

वामपंथ मजदूर राजनीति, ट्रेड यूनियन और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर टिका रहा है लेकिन नई अर्थव्यवस्था, डिजिटल राजनीति और युवा आकांक्षाओं के दौर में उसका पुराना ढांचा कमजोर पड़ता दिख रहा है.

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ की वापसी में यह भी दिखता है कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और नेतृत्व केंद्रीकरण जैसे आरोपों ने वाम मोर्चे को नुकसान पहुंचाया और सत्ता विरोधी लहर देखी गई.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी दिक्कत

INDIA गठबंधन की राजनीति शुरू से ही एक विरोधाभास पर टिकी रही. दिल्ली में जो दल साथ दिखाई देते हैं, वे कई राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं.

केरल में कांग्रेस और वामपंथ आमने-सामने हैं. बंगाल में कांग्रेस, वामदल और तृणमूल के बीच भरोसे का संकट है. पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी प्रतिस्पर्धी हैं. कश्मीर में भी स्थानीय दलों की अलग-अलग प्राथमिकताएं हैं.

यानी राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी विरोध की राजनीति, स्थानीय स्तर पर सीट और वोट की लड़ाई में उलझ जाती है.

यही वजह है कि INDIA गठबंधन अभी तक एक मजबूत वैकल्पिक नैरेटिव नहीं बना पाया.

बिहार: क्या आरजेडी का सामाजिक समीकरण कमजोर पड़ रहा है?

बिहार लंबे समय तक मंडल राजनीति का केंद्र रहा. लालू प्रसाद यादव और फिर तेजस्वी यादव ने सामाजिक न्याय की राजनीति को नई पहचान दी. लेकिन अब बिहार में भी बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं.

युवा मतदाता अब सिर्फ जातीय पहचान से प्रभावित नहीं हो रहा. रोजगार, माइग्रेशन, शिक्षा और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे ज्यादा महत्वपूर्ण बन रहे हैं.

अगर आरजेडी अपने पारंपरिक यादव-मुस्लिम समीकरण से बाहर नहीं निकल पाती, तो उसके सामने लंबी चुनौती खड़ी हो सकती है.

बीजेपी और जेडीयू लगातार “विकास” बनाम “पुरानी राजनीति” का नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: AI Generated

तमिलनाडु: क्या द्रविड़ राजनीति का नया अध्याय शुरू हो रहा है?

तमिलनाडु लंबे समय तक द्रविड़ दलों का गढ़ रहा. डीएमके और एआईएडीएमके के बीच सत्ता घूमती रही.

लेकिन अब यहां भी नई राजनीतिक शक्तियां उभरने लगी हैं. अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके की चर्चा लगातार बढ़ रही है. बीजेपी भी वोट शेयर बढ़ाने की कोशिश कर रही है.

इसका मतलब यह नहीं कि द्रविड़ राजनीति खत्म हो रही है. लेकिन इतना जरूर है कि अब तमिलनाडु में भी मतदाता नए विकल्प देखना चाहता है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: AI Generated

आंध्र और ओडिशा: करिश्माई नेताओं के बाद क्या?

ओडिशा में नवीन पटनायक और आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी जैसे नेताओं ने क्षेत्रीय राजनीति को मजबूत बनाया.

लेकिन इन राज्यों में भी अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या करिश्माई नेतृत्व के बाद पार्टी उतनी ही मजबूत रह पाएगी?

ओडिशा में बीजेपी की बढ़ती ताकत ने बीजेडी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. वहीं आंध्र में गठबंधन राजनीति ने वाईएसआरसीपी को मुश्किल में डाला. इससे यह स्पष्ट तो होता है कि सिर्फ एक चेहरे के बूते राजनीति लंबे समय तक नहीं चल सकती.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या बीजेपी का मॉडल क्षेत्रीय राजनीति को चुनौती दे रहा है?

बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत उसका राष्ट्रीय संगठन और चुनावी मशीनरी है.

पहले बीजेपी को हिंदी पट्टी की पार्टी माना जाता था. लेकिन अब वह बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में भी विस्तार की कोशिश कर रही है.

बीजेपी स्थानीय नेतृत्व को राष्ट्रीय नैरेटिव से जोड़ती है. डबल इंजन सरकार, वेलफेयर योजनाएं, हिंदुत्व और मजबूत नेतृत्व का मिश्रण उसे कई राज्यों में फायदा देता है.

हालांकि बीजेपी के सामने भी चुनौतियां हैं. दक्षिण भारत में उसकी स्वीकार्यता अभी सीमित है. कई राज्यों में उसे स्थानीय चेहरों की कमी महसूस होती है.

लेकिन इतना साफ है कि बीजेपी ने क्षेत्रीय दलों के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगानी शुरू कर दी है.

Latest and Breaking News on NDTV

क्या क्षेत्रीय दल पूरी तरह खत्म हो जाएंगे?

इस सवाल का जवाब है 'बिल्कुल नहीं.'

भारत जैसा विविधता से भरा देश पूरी तरह और सिर्फ राष्ट्रीय राजनीति के भरोसे नहीं चल सकता. भाषा, संस्कृति, क्षेत्रीय पहचान और स्थानीय मुद्दे हमेशा महत्वपूर्ण रहेंगे.

ऐसे में क्षेत्रीय दल बने तो रहेंगे पर उन्हें अब बदलना होगा.

उन्हें परिवारवाद, भ्रष्टाचार और सिर्फ पहचान आधारित राजनीति से आगे बढ़ते हुए नई पीढ़ी के विकास, रोजगार के एजेंडे पर काम करना और अपने कामों को लेकर पारदर्शी रहना होगा.

जो क्षेत्रीय दल खुद को बदल लेंगे, वे टिकेंगे. जो सिर्फ पुराने समीकरणों पर निर्भर रहेंगे, उनके लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

युवा मतदाता सबसे बड़ा फैक्टर

आज का युवा मतदाता नब्बे के दशक वाला मतदाता नहीं है. वह सोशल मीडिया से प्रभावित है. राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़ा है. राज्य और केंद्र दोनों को साथ देखकर वोट करता है.

पहले जहां क्षेत्रीय पहचान निर्णायक होती थी, अब आकांक्षी राजनीति ज्यादा महत्वपूर्ण हो रही है.

आज का मतदाता पूछता है कि नौकरी कहां है? निवेश कहां है? इन्फ्रास्ट्रक्चर कितना बेहतर हुआ? सरकार कितनी जवाबदेह है?

यही बदलाव भारतीय राजनीति की दिशा बदल रहा है. और बहुत संभव है कि आने वाले वर्षों में भारतीय राजनीति  'राष्ट्रीय vs क्षेत्रीय' की सीधी लड़ाई न हो.

बल्कि यह स्थानीय नेतृत्व और राष्ट्रीय नैरेटिव के युग्म की राजनीति होगी. जो दल दोनों को संतुलित कर पाएंगे, वही सफल होंगे.

अगर इंडिया गठबंधन को बीजेपी के सामने मजबूत चुनौती बनना है, तो उसे सिर्फ बीजेपी विरोध से आगे बढ़कर देश के सामने साझा राजनीतिक विजन देना होगा.

वहीं बीजेपी के लिए भी यह जरूरी होगा कि वह सिर्फ चुनावी विस्तार नहीं, बल्कि स्थानीय सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय संवेदनशीलता को भी समझे.

क्योंकि भारत की राजनीति में कोई भी बदलाव स्थायी नहीं होता.

लेकिन इतना जरूर है कि बंगाल से केरल तक जो संकेत दिखाई दे रहे हैं, उन्होंने यह साफ कर दिया है कि भारतीय राजनीति बदलाव के एक नए दौर में जरूर प्रवेश कर चुकी है.

ये भी पढ़ें

भारतीय राजनीति में क्षेत्रीय दलों की ढीली होती पकड़, चुनाव के नतीजों ने कैसे बदली सियासी दिशा?

बंगाल में कांग्रेस के 100% और असम में 95% विधायक मुसलमान, 2026 के चुनाव ने बदली सियासी तस्वीर

बंगाल के शिकस्त से पैदा हुआ ममता का ‘इंडिया' प्लान: मजबूरी, रणनीति या मास्टरस्ट्रोक?

दम दम दवाई, चौराम-चौराम: बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा का लंबा है इतिहास

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com