विज्ञापन

एक घंटे में 90 फीसदी कम हुआ PM 2.5.. दिल्ली के छात्रों ने कर दी कमाल की खोज

दिल्ली के दो किशोरों ने 140 रुपये में सामान्य पंखे से एयर प्यूरीफायर बनाने की तकनीक विकसित की, जो PM2.5 प्रदूषण को कम करती है.

एक घंटे में 90 फीसदी कम हुआ PM 2.5.. दिल्ली के छात्रों ने कर दी कमाल की खोज
₹140 में बनाया एयर प्यूरीफायर, पंखे से साफ होगी क्लासरूम की जहरीली हवा
  • दिल्ली के दो छात्रों ने महंगे एयर प्यूरीफायर के बजाय मात्र 140 रुपये में एक सस्ता एयर प्यूरीफायर बना दिया
  • यह तकनीक टेबल फैन या दीवार के पंखे पर एक विशेष इलेक्ट्रोस्टैटिक फिल्टर लगाकर हवा के प्रदूषक कणों को कम करती है
  • फिल्टर बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री कंपनी मुफ्त देती है और इसे दो से तीन बार बदलना आवश्यक होता है
नई दिल्‍ली:

दिल्‍ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है. जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर लोगों के बीच दो स्कूली छात्रों ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया है, जो लाखों लोगों के लिए राहत की उम्मीद बन सकता है. जिस प्रदूषण से बचने के लिए बड़े-बड़े एयर प्यूरीफायर हजारों रुपये में खरीदे जाते हैं, उसी समस्या का समाधान दिल्ली के दो किशोरों ने महज 140 रुपये में खोज निकाला है. खास बात यह है कि इसके लिए न किसी नई मशीन की जरूरत है और न ही किसी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की. बस एक सामान्य क्लासरूम का पंखा, एक खास फिल्टर और एक इलास्टिक बैंड! इन सबको मिलाने पर बनकर तैयार हो जाता है, दुनिया का सबसे सस्‍ता एयर प्यूरीफायर.

20 हजार छात्रों तक पहुंचा 'प्रोजेक्ट वायु'

इस अनोखे प्रयोग को नाम दिया गया है 'प्रोजेक्ट वायु'. इसके संस्थापक कृष्ण अग्रवाल और समर्थ मित्तल ने एक साधारण टेबल फैन और दीवार पर लगे पंखे को एयर प्यूरीफायर में बदलने का तरीका विकसित किया है. उनका दावा है कि यह तकनीक हवा में मौजूद खतरनाक PM2.5 कणों को काफी हद तक कम कर सकती है. इस पहल के जरिए अब तक करीब 20 हजार छात्रों तक पहुंच बनाई जा चुकी है.

महंगे एयर प्यूरीफायर का सस्ता विकल्प तलाशने की जिद

कृष्ण अग्रवाल संस्कृति स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र हैं, जबकि समर्थ मित्तल वसंत वैली स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं. दोनों ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया. उनका मानना था कि प्रदूषण से बचाव का अधिकार सिर्फ उन बच्चों तक सीमित नहीं होना चाहिए, जिनके स्कूल महंगे एयर प्यूरीफायर खरीद सकते हैं. दोनों छात्रों ने महसूस किया कि आर्थिक रूप से कमजोर स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों बच्चे रोजाना प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं. ऐसे में उन्होंने ऐसा समाधान खोजने का फैसला किया, जिसे कम खर्च में हर स्कूल तक पहुंचाया जा सके. कृष्ण को इस सामाजिक पहल के लिए साल 2026 के प्रतिष्ठित 'डायना अवॉर्ड रोल ऑफ ऑनर' से भी सम्मानित किया गया है.

कैसे पंखा बन जाता है एयर प्यूरीफायर?

इस तकनीक की सबसे खास बात इसकी सादगी है. इसके लिए किसी सामान्य टेबल फैन या दीवार पर लगे पंखे के ऊपर एक विशेष फिल्टर लगाया जाता है. इसे इलास्टिक बैंड की मदद से कस दिया जाता है. जैसे ही पंखा चालू होता है, हवा फिल्टर से होकर गुजरती है और फिल्टर हवा में मौजूद बारीक प्रदूषक कणों को अपने अंदर रोकने लगता है. इसमें विशेष रूप से चार्ज किए गए इलेक्ट्रोस्टैटिक फाइबर का इस्तेमाल किया गया है, जो PM2.5 जैसे बेहद छोटे और खतरनाक कणों को पकड़ने में मदद करते हैं.

इसे लगाने के लिए न किसी औजार की जरूरत है और न ही बिजली की अतिरिक्त वायरिंग करनी पड़ती है. महज एक मिनट से भी कम समय में इसे पंखे पर फिट किया जा सकता है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि एक फिल्टर को तैयार करने में केवल 140 रुपये खर्च होते हैं. छात्रों को फिल्टर बनाने के लिए जरूरी सामग्री फिल्ट्रेशन कंपनी 'होलिंग्सवर्थ एंड वोस' मुफ्त में उपलब्ध करा रही है. इसी वजह से स्कूलों को ये फिल्टर मुफ्त दिए जा रहे हैं. प्रदूषण के मौसम में इन्हें दो से तीन बार बदलने की जरूरत पड़ती है.

एक घंटे में 90 फीसदी तक कम हुआ PM2.5!

अब सवाल है कि क्या यह सस्ता जुगाड़ वास्तव में प्रदूषण कम करने में कारगर है? प्रोजेक्ट के संस्थापकों के मुताबिक, कंपनी के साथ किए गए रिसर्च और बाहरी परीक्षणों में इसके अच्‍छे रिजल्‍ट सामने आए हैं. करीब 200 वर्ग फुट के एक बंद कमरे में किए गए परीक्षण के दौरान एक घंटे में PM2.5 का स्तर 158 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से घटकर महज 11 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया. यानी प्रदूषण के स्तर में 90 फीसदी से अधिक की कमी दर्ज की गई. वहीं, बड़े कमरे में एक फिल्टर के इस्तेमाल से एक घंटे के भीतर PM2.5 के स्तर में करीब 60 फीसदी की गिरावट देखने को मिली. हालांकि, इसकी प्रभावशीलता कमरे के आकार, दरवाजे खुले रहने और हवा के आवागमन जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करती है.

ये भी पढ़ें:- 'गैस चैंबर' बनी दिल्ली के लिए बारिश ही सहारा, पर IMD ने दे दी बैड न्यूज, कहा - क्लाउड सीडिंग भी नहीं आएगा काम

20 हजार बच्चों तक पहुंचा प्रोजेक्ट वायु

इस पहल की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर हुई थी. शुरुआती चरण में 295 क्लासरूम और करीब 8 हजार छात्रों को इसके दायरे में लाया गया. इसके बाद इसका विस्तार 10 स्कूलों और कई कम आय वाले चिकित्सा क्लीनिकों तक किया गया. संस्थापकों के मुताबिक, अब तक करीब 20 हजार छात्रों तक इस पहल की पहुंच बन चुकी है. अब कृष्ण और समर्थ इसे दिल्ली के सरकारी स्कूलों तक पहुंचाना चाहते हैं. उनकी योजना भविष्य में देश के दूसरे हिस्सों में भी इस तकनीक का विस्तार करने की है.

ये भी पढ़ें:- दिल्ली-नोएडा में प्रदूषण का पहरा, GRAP-3 के बीच 5वीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Airp Pollution, Air Purifier, Delhi School
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com