यह ख़बर 08 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर प्रदेश में सपा का प्रदर्शन दूसरे दिन जारी

खास बातें

  • प्रदेश के विभिन्न जिलों में आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें भी हुईं, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) का प्रदर्शन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने सपा के हजारों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें भी हुईं, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सपाइयों ने लखनऊ में कुछ स्थानों पर सरकारी दफ्तरों में ताला लगाकर सरकारी कामकाज प्रभावित किया तो कुछ अन्य शहरों में रेल व सड़क यातायात भी बाधित किया। कानपुर, बस्ती और वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर जाम लगाया, तो गोरखपुर में रेलमार्ग अवरुद्ध कर आम्रपाली एक्सप्रेस को कई घंटे तक रोके रखा। कानपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय और गोरखपुर में जिलाधिकारी कार्यालय में घुसकर सरकारी कामकाज बाधित किया। झ्झांसी में सपा की महिला कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के दफ्तर पर ताला जड़ दिया, जिससे कई घंटे कामकाज ठप रहा। सपा प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रदर्शनकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई कर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। इसी के तहत गोरखपुर और बस्ती में सपाइयों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई सपाई घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं से साथ दुर्व्यवहार किया। चौधरी ने दावा किया कि प्रदेशभर में मंगलवार को करीब 50,000 सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। रामपुर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को, औरैया में राष्ट्रीय महासिचव राम गोपाल यादव को, बलिया में सांसद नीरज शेखर को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया। गौरतलब है कि सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार के खिलाफ शुरू किए गए तीन दिवसीय 'बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ' अभियान के तहत सपाई राज्य सरकार विरोधी नारे लगाते हुए दूसरे दिन भी सड़कों पर उतरे। चौधरी ने कहा, "सपा कार्यकर्ता राज्य सरकार के दमन से भयभीत होने वाले नहीं हैं। मायावती सरकार के भ्रष्टाचार और लूट को जनता के बीच ले जाने के लिए हम हर तरह से संघर्ष करेंगे।" उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सपा का यह आंदोलन कल (9 मार्च) को तीसरे दिन भी जारी रहेगा। इससे पहले सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com