
टोक्यो पैरालंपिक्स (Tokyo Paralympics) में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. भारत ने इन खेलों में पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक अपने नाम किए हैं. इस तरह भारत ने पैरालंपिक में 19 पदक जीतकर रियो डी जेनेरियों में किए अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है. रियो डी जेनेरियो में भारत ने सिर्फ चार मेडल जीते थे. वहीं टोक्यो पैरालंपिक्स से पहले भारत के पास सिर्फ 12 मेडल थे, जो अब बढ़कर 31 हो गए हैं. भारत की ओर से इस बार 54 खिलाड़ियों ने भाग लिया था.
भारत की ओर से पहला पदक भाविनाबेन पटेल ने जीता. उन्होंने महिला टेबल टेनिस एकल मुकाबले (क्लास-4) में रजत पदक जीता, वहीं आखिरी दिन कृष्णा नागर ने बैडमिंटन की पुरुष एकल (एसएच 6) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार तरीके से अभियान को संपन्न किया.
भारतीय निशानेबाजों ने भी प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कुल दो गोल्ड मेडल सहित पांच पदक जीते. अवनि लेखरा और सिंहराज अधाना ने दो-दो पदक अपने नाम किए.
एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान में अपनी खूब चमक बिखेरी. हाई जंप में चार, जेवलिन थ्रो में तीन और डिस्कस थ्रो में एक पदक जीता.
जेवलिन थ्रो में भारतीय खिलाड़ी सुमित अंतिल ने स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में भारत की ओर से एथलेटिक्स में यह इकलौता स्वर्ण हासिल किया.
टोक्यो पैरालंपिक में पहली बार बैडमिंटन को शामिल किया गया और भारत ने इसमें शानदार प्रदर्शन किया है.
प्रमोद भगत और कृष्णा नागर दोनों ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने चारा पदक अपने नाम किए.
पैरालंपिक से पूर्व भारत ने टोक्यो ओलंपिक में भी सात पदक जीतकर ओलंपिक खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था.
- - ये भी पढ़ें - -
* "उपलब्धियों पर है गर्व": टोक्यो पैरालंपिक्स पदक विजेता सुहास एल यतिराज से PM मोदी ने की बात
* कृष्णा नागर ने टोक्यो पैरालंपिक्स बैडमिंटन में भारत को दिलाया 5वां गोल्ड मेडल
* "खुशी और मायूसी एक साथ", नोएडा के DM टोक्यो पैरालंपिक्स में सिल्वर मेडल जीतने के बाद NDTV से बोले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं