यह ख़बर 26 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई : पनडुब्बी आईएनएस सिंधुरत्न में हादसा, दो नौसैनिक लापता

मुंबई:

भारतीय नौसेना की पनडुब्बी सिंधुरत्न में हादसे की खबर है। इसमें से धुआं निकलता हुआ देखा गया है। दो अफसर लापता बताए गए हैं और सात नौसैनिक जख्मी हुए हैं, जिन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल ले जाया गया।

राहत की बात यह है कि सभी नौसैनिकों को इस पनडुब्बी से बाहर निकाल लिया गया है। पनडुब्बी सिंधुरत्न अब मुंबई की तरफ लौट रही है। हादसे के समय वेस्टर्न कमांड के सर्वोच्च सबमरीन अफसर इन पर तैनात थे। पनडुब्बी का ट्रायल चल रहा था, लेकिन इस पर कोई विस्फोटक नहीं थे।

पिछले सात माह में इसे मिलाकर भारतीय नौसेना के दस युद्धपोत और तीन पनडुब्बियां दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी हैं। नौसेना के सूत्रों ने बताया कि मुंबई बंदरगाह पर आईएनएस सिंधुरत्न अभ्यास कर रही थी। उसी दौरान पनडुब्बी के बैटरी कक्ष में एक रिसाव हुआ और सवार नौसेनाकर्मियों का दम घुटने लगा।

उन्होंने बताया कि नौसेना कर्मी बेहोश हो गए और उन्हें हेलीकॉप्टर से मुंबई में नौसेना के अस्पताल आईएनएस अश्विनी ले जाया गया।

सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी की अगुवाई में बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। नौसेना के एक प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उल्लेखनीय है कि यह पनडुब्बी रूस में बनी है, जो करीब 35 साल पुरानी है। पिछले दिनों ही इसे अपग्रेड किया गया और उसके बाद इसका ट्रायल लिया जा रहा था।

पिछले साल मुंबई बंदरगाह पर आईएनएस सिंधुरक्षक डूब गई थी, जिससे उसमें सवार सभी 18 नौसेनाकर्मी मारे गए थे। रक्षामंत्री एके एंटनी ने नौसेना से इस मुद्दे पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इस माह के शुरू में आईएनएस ऐरावत भी हादसे का शिकार होकर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद इसके कमांडिंग अधिकारी को कमान ड्यूटी से अलग कर दिया गया था। आईएनएस ऐरावत एक उभयचर युद्धपोत है।

आईएएनएस सिंधुरक्षक के डूबने के बाद आईएनएस बेतवा भी हादसे की शिकार हुई। आशंका जताई जाती है कि पानी के अंदर किसी ठोस चीज से टकरा कर आईएनएस बेतवा दुर्घटनाग्रस्त हुई थी।

खदानों की सफाई करने वाली, भारत की अग्रणी पनडुब्बी आईएनएस कोंकण में विजाग में मरम्मत के दौरान आग लग गई थी और इसका अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पश्चिमी कमान में हो रहे इन हादसों को लेकर चिंतित नौसेना मुख्यालय ने पश्चिमी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा को तलब किया था।

(इनपुट्स भाषा से भी)