सोनिया से मिल कर दिग्विजय की शिकायत करना चाहते हैं शिवराज

शिवराज सिंह चौहान का फाइल फोटो

नई दिल्ली:

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोनिया गांधी को चिट्ठी लिख दिग्विजय सिंह की शिकायत करेंगे। वे सोनिया गांधी से मिलने के लिए समय भी माँगेंगे ताकि वो सीधी शिकायत कर सकें। शिवराज का कहना है कि दिग्विजय सिंह और कपिल सिब्बल जैसे नेताओं ने उनके ख़िलाफ़ फ़र्ज़ी मामले बनाए।

शिवराज सिंह का दावा है कि हाईकोर्ट की तरफ़ से बनाई गई एसआईटी ने 'टीम दिग्विजय' की तरफ़ से लगाए गए आरोपों को झूठा पाया और उसने अपनी रिपोर्ट हाईकोर्ट को दे दी है।

संसद भवन पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने एनडीटीवी इंडिया के पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वे सोनिया गांधी से पूछना चाहते हैं कि क्या उन पर फ़र्ज़ी आरोप सोनिया गांधी की सहमति से लगाए गए या फिर बिना उनको भरोसा में लिए। अगर बिना सोनिया गांधी की जानकारी के ये सब किया गया तो क्या पार्टी दिग्विजय सिंह और कपिल सिब्बल जैसे नेताओं पर कार्रवाई करेगी।

शिवराज के मुताबिक़ व्यापम घोटाले के नाम पर उनपर फ़र्ज़ी आरोप तीन वजहों से लगाए गए। पहला ये कि कई अपराधी दिग्विजय सिंह से ताल्लुक़ रखते हैं। दूसरा कि कांग्रेस प्रदेश में हर चुनाव में मुंह की खा रही है। ऐसे में दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं को लगता है कि बिना शिवराज की छवि को ख़राब किए वे कोई चुनाव नहीं जीत सकते। और तीसरा कि इसके ज़रिए मध्य प्रदेश के विकास को बाधित करने की साज़िश रची गई। इन तमाम सवालों के साथ वे सोनिया गांधी से मिलना चाहते हैं।

लेकिन क्या सोनिया समय देंगीं? शिवराज का कहना है कि उन्हें इस बात का भरोसा है कि जब वे समय माँगेंगे तो सोनिया गांधी उनको समय देंगी।

चिट्ठी लिख दिए जाने की बाबत कुछ समाचार पत्रों छपी ख़बरों को उन्होंने बेबुनियाद बताया और कहा कि चिट्ठी अभी लिखी जानी है।

उल्लेखनीय है कि व्यापम घोटाले को कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने कुछ कागजातों के सहारे यह आरोप लगाए थे कि यह सब कागज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर इशारा करते हैं। इतना ही नहीं कांग्रेसी नेताओं ने कुछ मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री की पत्नी पर भी इस घोटाले में शामिल होने के आरोप लगाए थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बता दें कि मध्य प्रदेश में व्यापम नाम की एक सरकारी संस्था जो राज्य सरकार की तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं को आयोजन कराती है।