विज्ञापन
This Article is From Mar 07, 2011

उप्र में सपा का प्रदर्शन, हिंसक झड़पें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ तीन दिवसीय प्रदर्शन के पहले दिन सोमवार को राज्यभर में सड़कों पर उतरे समाजवादी पार्टी (सपा) के हजारों कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए। राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न जिलों में आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झ्झड़पें हुईं। कई स्थानों पर सपाइयों ने रेल व सड़क यातायात भी बाधित किया। सोनभद्र, इलाहाबाद, मेरठ, इटावा, बांदा, लखीमपुर खीरी, कानपुर सहित अन्य जिलों में सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से हिंसक झड़पें हुईं। बांदा में कार्यकताओं ने रेलमार्ग पर एक रेलगाड़ी को कई घंटे तक रोककर रखा। वहीं लखीमपुर खीरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय और विकास भवन के सामने धरना देकर उन्होंने काफी समय तक सरकारी कामकाज बाधित रखा गया। लखनऊ में सपाइयों ने कुछ सरकारी कार्यालयों में ताला बंद कर कामकाज ठप रखा। कानपुर, इलाहाबाद और सोनभद्र में प्रदशर्नकारियों ने सड़कों पर जाम भी लगाया। सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार के खिलाफ शुरू किए गए 'बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ' अभियान के तहत प्रदेशभर में सड़कों पर उतरे सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए अपना आक्रोश प्रकट किया। सपा ने जनता से अगले विधानसभा चुनाव में बसपा को सत्ता से बेदखल करने की अपील की। सपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के आंदोलन से भयभीत राज्य सरकार ने इसे कुचलने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया। पुलिस को आंदोलन का दमन करने के आदेश पारित किए गए थे। प्रवक्ता ने दावा किया कि अब तक मिले आंकड़ों के मुताबिक प्रदेशभर में पचास हजार आंदोलनकारी सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। लखनऊ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें सैकड़ों सपाई गंभीर रूप से घायल हो गए। कई स्थानों पर सपाइयों पर पानी की बौछारों का भी प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में परिवर्तन चौक पर कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे विधानसभा में विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव और वरिष्ठ नेता भगवती प्रसाद सहित सैकड़ों सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने यहां संवाददाताओं को बताया, "सपा के प्रदर्शन के दौरान सब कुछ सामान्य रहा। प्रदेश में स्कूल, कालेज, बाजार और शॉपिंग मॉल खुले रहे। कहीं से हालात बिगड़ने की सूचना नहीं मिली है।" बृजलाल ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान राजधानी लखनऊ सहित प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा रही। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के चलते विरोध प्रदर्शन से कहीं पर किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।  

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
हरियाणा विधानसभा चुनाव : कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन से पहले ही नेताओं के बगावती हुए तेवर, भारती ने दिया बड़ा बयान
उप्र में सपा का प्रदर्शन, हिंसक झड़पें
'हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों की 5 को सैलरी, 10 को पेंशन' - विधानसभा में सीएम सुक्खू का ऐलान
Next Article
'हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों की 5 को सैलरी, 10 को पेंशन' - विधानसभा में सीएम सुक्खू का ऐलान
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com