यह ख़बर 25 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर भारत में बारिश से तापमान गिरा

खास बातें

  • दक्षिण पश्चिमी मानसून के उत्तर भारत में पूरी तरह से सक्रिय हो जाने के कारण शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान में जमकर बारिश हुई। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है।
नई दिल्ली:

दक्षिण पश्चिमी मानसून के उत्तर भारत में पूरी तरह से सक्रिय हो जाने के कारण शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान में जमकर बारिश हुई। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

बादलों की बेरुखी का सामना कर रही दिल्ली में मुसलाधार बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.5 डिग्री था। मौसम विभाग ने रविवार भी बारिश होने की उम्मीद जताई है।

बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया। दिल्ली में शुक्रवार से शनिवार सुबह तक 13.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।  

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 एवं 25 डिग्री रहने की सम्भावना है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एवं आसपास के इलाकों में बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिल गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 29.8 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों से रूक-रूककर हो रही बारिश से लोगों को उमस से काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उप्र के कई जिलों में भारी बारिश होने की सम्भावना है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लखनऊ के अलावा राज्य में वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तथा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।