यह ख़बर 27 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

2014 चुनाव : राहुल गांधी ने कहा, आदर्श मामले में फिर विचार होना चाहिए

नई दिल्ली:

दिल्ली में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात के बाद कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आदर्श में मामले में आई जांच आयोग की रिपोर्ट पर फिर विचार होना चाहिए। भ्रष्टाचार पर विपक्ष पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह लोकपाल बिल पास करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष उनका साथ नहीं दे रहा है और न ही भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर है।

वहीं, इस बैठक में शामिल होने आए महराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा अपने सहयोगियों से विचार-विमर्श किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को एक विशेष मीटिंग की। इस मीटिंग में कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इसकी अध्यक्षता की। यह पहला मौका है जब कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को संबोधित किया है।

कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, राहुल गांधी चार राज्यों के चुनाव में मिली करारी हार को देखते हुए आने वाले लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटे हैं। अजय माकन ने ट्वीट करके बताया कि राहुल गांधी ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि वह भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ ठोस कदम उठाएं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com