विज्ञापन
This Article is From Oct 26, 2014

महाराष्ट्र में 30 अक्टूबर को होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण : सूत्र

महाराष्ट्र में 30 अक्टूबर को होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण : सूत्र
संवाददाता सम्मेलन में बीजेपी नेता विनोद तावड़े
मुंबई:

महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री कौन होगा इसका एलान मंगलवार को हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लगना औपचारिकता भर है।

महाराष्ट्र के पयर्वेक्षक बनाए गए गृहमंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी नेता जेपी नड्डा सोमवार को मुंबई पहुंच रहे हैं, जिनकी उपस्थिति में देवेंद्र फडणवीस के नाम का एलान होगा।

सूत्रों के मुताबिक 30 अक्टूबर को शाम 5 बजे नए मुख्यमंत्री शपथ ले सकते हैं। उनके साथ पांच कैबिनेट मंत्री एकनाथ खड़से, विनोद तावड़े, गिरीश बापट, सुधीर मुनघंटीवार और पंकजा मुंडे भी शपथ ले सकते हैं। शिवसेना के फिलहाल सरकार में शामिल होने की संभावना नहीं है।

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से ने आज मुंबई में संवाददाताओं को बताया कि विधायक दल का नेता और भावी मुख्यमंत्री चुनने के लिए बैठक मंगलवार को विधान भवन में पूर्वाह्न 11 बजे होगी।

इससे पहले खड़से, महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस और वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े की बैठक हुई जिसमें सरकार बनाने की तैयारियों के बारे में विचार विमर्श किया गया।

खड़से ने कहा कि भाजपा विधायक दल के नेता राज्यपाल सी विद्यासागर राव से मिलकर राज्य सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेंगे। उन्होंने कहा, 'अगर राज्यपाल चाहेंगे तो हम सदन में अपना बहुमत साबित करके दिखाएंगे।'

महाराष्ट्र के 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 122 सीट जीतकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। राकांपा ने उसे पहले ही बिना शर्त समर्थन देने की पेशकश कर दी है। राकांपा को 41 सीटें मिली हैं। सदन में 63 विधायकों के साथ शिवसेना दूसरी सबसे बड़ी पार्टी होगी। (एजेंसी इनपुट के साथ)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
महाराष्ट्र, महाराष्ट्र में सरकार गठन, बीजेपी, विधायक दल का नेता, महाराष्ट्र में सरकार का गठन, शिवसेना, देवेंद्र फड़नवीस, Maharashtra, Governent Formation In Maharashtra, BJP, Shivsena, Devendra Fadanvis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com