विज्ञापन
This Article is From Dec 01, 2021

दिल्ली में सस्ता हो गया पेट्रोल, केजरीवाल सरकार ने की 8 रुपये प्रति लीटर की कटौती

Delhi Petrol Price Cut : दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने बुधवार को जनता को राहत देते हुए पेट्रोल पर लगने वाले वैट में कटौती कर दी है, जिससे कि पेट्रोल यहां 8 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है.

नई दिल्ली:

दिल्ली में पेट्रोल सस्ता हो गया है. केजरीवाल सरकार ने बुधवार को जनता को राहत देते हुए पेट्रोल पर लगने वाले वैट में कटौती कर दी है, जिससे कि पेट्रोल यहां 8 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है. आज सुबह ही ऐसी जानकारी मिल रही थी कि दिल्ली में पेट्रोल सस्ता हो सकता है. आज दिल्ली सरकार की कैबिनेट की बैठक थी. चर्चा थी कि केजरीवाल सरकार इस बैठक में पेट्रोल पर VAT घटाने पर फैसला ले सकती है.

जानकारी है कि सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाले वैट को 30 फीसदी से घटाकर 19.40 फीसदी कर दिया है, जिससे कि पेट्रोल राजधानी के पेट्रोल पंपों पर आठ रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है. ये नए रेट आज आधी रात से लागू हो जाएंगे.

इस कटौती के बाद से दिल्ली में पेट्रोल लगभग 96 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक सकता है. अभी तक इसकी कीमत 103.97 रुपये चल रही है. अगर डीजल की बात करें तो यहां डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर चल रहा है. 

100 रुपये के नीचे आई एक मेट्रो शहर में पेट्रोल की कीमत

दिल्ली में इस कटौती के बाद से राजधानी देश का अकेला ऐसा शहर बन गया है, जहां पेट्रोल 100 रुपये के भीतर बिकेगा. वर्ना मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये से ऊपर चल रही हैं. वहीं, पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में पिछले 27 दिनों से कोई बदलाव नहीं किया गया है. 

ये भी पढ़ें  : पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी से सरकार ने 2021 में की दोगुनी कमाई, यहां समझिए टैक्स का पूरा गणित

एक बार नजर डाल लीजिए कि दिल्ली को छोड़ बाकी मेट्रो शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें क्या चल रही हैं-

मुंबई: पेट्रोल – ₹109.98 प्रति लीटर; डीजल – ₹94.14 प्रति लीटर

कोलकाता: पेट्रोल – ₹104.67 प्रति लीटर; डीजल – ₹89.79 प्रति लीटर

चेन्नई: पेट्रोल – 101.40 रुपये प्रति लीटर; डीजल – ₹91.43 प्रति लीटर

केजरीवाल सरकार पर वैट में कटौती करने का पड़ रहा था दबाव

पिछले महीने दीवाली से पहले 3 नवंबर को केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की गई थी. सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर क्रमश: 5 व 10 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी कम की थी. सरकार ने राज्यों को भी वैट घटाने के लिए कहा था, ताकि आम आदमी को ज्यादा राहत दी जा सके. इसके बाद कई राज्यों ने तेल पर वैट घटा दिया था. 

हालांकि, दिल्ली सरकार ने अभी तक राजधानी में वैट में कटौती नहीं की थी, जिसे लेकर विपक्षी पार्टी बीजेपी, सरकार पर लगातार हमले कर रही थी. वहीं, केंद्र सरकार ने भी साफ कह दिया था कि अब कीमतें कम करने के लिए राज्यों को वैट घटाना होगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Diesel Price, Delhi Petrol Price, Petrol Price VAT
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com