विज्ञापन
This Article is From May 27, 2015

लू से मरने वालों की संख्या हुई 1412, आंध्रप्रदेश-तेलंगाना में आंकड़ा 1360 पहुंचा

लू से मरने वालों की संख्या हुई 1412, आंध्रप्रदेश-तेलंगाना में आंकड़ा 1360 पहुंचा
नई दिल्ली: देश के कई हिस्से भीषण लू की चपेट में है और इसके कारण पिछले कुछ दिनों में मरने वालों की संख्या 1412 के पार पहुंच गई है। सबसे ज्यादा लोगों की मृत्यु आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्यों में हुई है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार आंध्रप्रदेश में लू से मरने वालों की संख्या 1020 हो चुकी है जबकि तेलंगाना में भी 340 लोग लू की चपेट में आकर मारे जा चुके हैं। दोनों राज्यों को मिलाकर मरने वालों की संख्या 1360 है।

तेलंगाना में कल से अब तक 74 और आंध्र प्रदेश में 168 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिणी इलाके में लू से दो लोगों की मौत हो जाने की खबर है।

हैदराबाद में मौसम विभाग के निदेशक वाईके रेड्डी ने बताया कि तेलंगाना में अगले दो दिन और तटीय आंध्र प्रदेश में तीन दिन और तेज गर्म हवाएं चलेंगी। उन्होंने बताया कि ज्यादा देर गर्मी में बाहर रहने की वजह से यह मौत हो सकती है।

मैदानी भागों में उत्तर प्रदेश में आज आगरा सबसे गर्म रहा और यहां का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में भी तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और दोनों राज्य में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। आंध्रप्रदेश में प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा कुल 202 लोग लू की वजह से मारे गए हैं। इसके अलावा गुंटूर जिले में 130, विशाखापत्तनम में 112, विजयनगर में 78 और नेल्लोर में 74 लोग मारे गए हैं। रेड्डी ने कहा कि सरकार ने चिकित्सकों को लू से पीड़ित लोगों को चिकित्सीय सहायता मुहैया कराने के लिए सजग रहने को कहा है।

तेलंगाना राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य के नलगोंडा जिले में सबसे ज्यादा 99 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा खम्मम में 72, करीमनगर में 45 और महबूबनगर में 37 लोगों की मृत्यु हो गई है। ओडिशा में लू के कारण 43 और गुजरात में सात लोगों की मृत्यु होने की खबर है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गर्मी, भीषण गर्मी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, Heat Wave, Heat Stroke, Andhara Pradesh, Telangana