विज्ञापन
This Article is From Jun 02, 2014

बिहार में जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल का विस्तार, 14 नए मंत्रियों ने ली शपथ

बिहार में जीतन राम मांझी मंत्रिमंडल का विस्तार, 14 नए मंत्रियों ने ली शपथ
बिहार के सीएम जीतन मांझी (फाइल चित्र)
पटना:

बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) छोड़कर आए तीन पूर्व विधायकों सहित कुल 14 नए मंत्रियों को अपनी मंत्रिपरिषद में शामिल किया। राज्यपाल डीवाई पाटिल ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल ने जिन 14 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई, उसमें दो महिला मंत्री बीमा भारती और रंजू गीता शामिल हैं।

नए मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, श्रवण कुमार, राम लखन राम 'रमण', रामधनी सिंह, सम्राट चौधरी उर्फ राकेश कुमार, महाचंद्र प्रसाद सिंह, जय कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, जावेद इकबाल अंसारी, बैद्यनाथ सहनी, नौशाद आलम और विनोद प्रसाद यादव शामिल हैं।

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और बीजेपी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। नए मंत्रियों में शपथ लेने वाले सम्राट चौधरी, जावेद इकबाल अंसारी और राम लखन  राम 'रमण' हाल ही में आरजेडी विधायक पद से इस्तीफा देकर जेडीयू में शामिल हुए हैं और उन्हें बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है।

नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले मुंगेर संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव में पराजित पूर्व सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया था, जिन्हें आज मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।

मांझी मंत्रिमंडल में इन 14 नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद अब बिहार राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल मंत्रियों की संख्या 31 हो गई है। गत 20 मई को जेडीयू की इस नई सरकार के गठन के समय मुख्यमंत्री सहित 18 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें से एक गौतम सिंह ने आज ही पार्टी का काम करने के लिए मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
जीतन राम मांझी, बिहार सरकार, जीतन मांझी कैबिनेट, जेडीयू, नीतीश कुमार, Jitan Ram Manjhi, Bihar Government, Jeetan Manjhi Cabinet, Nitish Kumar, JDU