जरा सोचिए, अगर अनचाही प्रेग्नेंसी से बचने के लिए पुरुषों को न ऑपरेशन कराना पड़े, न नसबंदी करवानी पड़े और बस रिलेशन बनाने से पहले एक गोली खानी हो, तो कितना बड़ा बदलाव होगा. ये बात अभी भले ही आपको अटपटी, लेकिन अमेरिका के वैज्ञानिक इसे सच बनाने में जुटे हुए हैं. अमेरिका के Weill Cornell Medicine के रिसर्चर्स पुरुषों के लिए एक ऐसी गर्भनिरोधक गोली तैयार कर रहे हैं, जो बिना हार्मोन में बदलाव किए कुछ घंटों के लिए प्रेग्नेंसी क रोकने में मदद कर सकती है. अगर ये दवा सफल रही, तो फैमिली प्लानिंग की जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी. यहां जानते हैं इस गोली के बारे में-
कैसे काम करेगी यह गोली?
महिलाओं की ज्यादातर बर्थ कंट्रोल पिल्स हार्मोन में बदलाव करके काम करती हैं, लेकिन पुरुषों के लिए बनाई जा रही ये गोली अलग तरीके से काम करती है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, स्पर्म को अंडे तक पहुंचने के लिए एक खास एंजाइम की जरूरत होती है, जिसका नाम सॉल्यूबल एडिनाइलील साइक्लेस (sAC) है.
ये नई दवा कुछ समय के लिए इसी एंजाइम को ब्लक कर देती है. इसका असर यह होता है कि स्पर्म बनना तो जारी रहते हैं, लेकिन वे ठीक से आगे नहीं बढ़ पाते. ऐसे में उनके अंडे तक पहुंचने की संभावना काफी कम हो जाती है और प्रेग्नेंसी रुक सकती है.
कितनी देर तक रहेगा असर?
रिसर्चर्स का कहना है कि इस गोली का असर करीब 6 से 8 घंटे तक रह सकता है. सबस खास बात ये है कि इसका असर सिर्फ कुछ समय के लिए होगा. दवा शरीर में एक्टिव रहने तक ही स्पर्म पर असर डालेगी. जैसे ही इसका असर खत्म होगा, शरीर पहले की तरह सामान्य तरीके से काम करने लगेगा.
नसबंदी जैसा बिल्कुल नहीं है
कई पुरुषों को डर होता है कि कहीं गर्भनिरोधक का कोई तरीका उनकी फर्टिलिटी पर स्थाई असर न डाल दे. लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि ये गोली नसबंदी जैसी नहीं है. ये न तो स्पर्म बनना बंद करती है और न ही शरीर में कोई स्थायी बदलाव करती है. दवा का असर खत्म होने के बाद सब कुछ पहले जैसा हो सकता है.
बाजार में आने से पहले बाकी है लंबा रास्ता
हालांकि, ये दवा अभी रिसर्च के शुरुआती दौर में है. अक्टूबर 2026 में रिसर्च टीम को इंसानों पर ट्रायल शुरू करने से पहले सुरक्षा जांच और दूसरे टेस्ट के लिए अतिरिक्त फंडिंग मिली है. वैज्ञानिकों को यह साबित करना होगा कि इस गोली को बार-बार लेने पर भी लिवर, किडनी, दिल या यौन स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता. क्योंकि ऐसी दवाओं का इस्तेमाल स्वस्थ लोग करते हैं, इसलिए इनके सुरक्षा मानक बेहद सख्त होते हैं.
फैमिली प्लानिंग में आ सकता है बड़ा बदलाव
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यह गोली सफल रही, तो गर्भनिरोधक की जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं पर नहीं रहेगी. पुरुष भी इस जिम्मेदारी को बराबर तरीके से निभा सकेंगे. हालांकि, आम लोगों तक पहुंचने से पहले इस दवा को कई टेस्ट और ट्रायल से गुजरना होगा. लेकिन अगर सब कुछ ठीक रहा, तो आने वाले वर्षों में पुरुषों के पास भी बर्थ कंट्रोल का एक आसान और असरदार विकल्प हो सकता है.
ये भी पढ़ें - इमरजेंसी गर्भनिरोधक गोली बार-बार खाते हैं? सरकार पैकेट पर लिखवाएगी बड़ी चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं