दिल्ली-NCR में इन दिनों हवा इतनी खराब हो गई है कि सुबह उठते ही गला भारी लगता है और आंखों में जलन होने लगती है. कई लोगों को लगता है कि ये बस मौसम की वजह से हो रहा है, लेकिन असल में प्रदूषण हमारे फेफड़ों को कमजोर कर रहा है. अगर आपको लंबे समय से खांसी आ रही है, थोड़ा चलते ही सांस फूल जाती है या सीने में जकड़न महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, एक छोटा सा टेस्ट स्पाइरोमेट्री, से आप अपने फेफड़े कितने हेल्दी हैं चेक कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं कैसे करते हैं यो टेस्ट.
प्रदूषण फेफड़ों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?
जब हम सांस लेते हैं तो हवा के साथ PM2.5 जैसे बारीक कण भी अंदर चले जाते हैं. ये कण इतने छोटे होते हैं कि सांस की नलियों से होते हुए सीधे फेफड़ों में पहुंच जाते हैं. धीरे-धीरे ये कण फेफड़ों में जमने लगते हैं. इससे सांस की नलियां सिकुड़ जाती हैं, फेफड़े काले पड़ने लगते हैं और सांस लेने की क्षमता घटने लगती है. यही वजह है कि प्रदूषण वाले शहरों में रहने वाले लोगों को भी अस्थमा और सांस की बीमारी हो जाती है, भले ही वो कभी धूम्रपान न करते हों.

क्या होता है स्पाइरोमेट्री टेस्ट?
स्पाइरोमेट्री एक बहुत ही आसान और बिना दर्द वाला फेफड़ों का टेस्ट है. इसमें एक मशीन होती है, जिसे स्पाइरोमीटर कहते हैं. इसमें आपको नाक पर एक क्लिप लगाकर मुंह से एक ट्यूब में सांस लेनी और छोड़नी होती है. मशीन ये माप लेती है कि आपने कितनी हवा अंदर ली, कितनी बाहर छोड़ी और कितनी तेजी से छोड़ी. पूरी प्रक्रिया में मुश्किल से 15-20 मिनट लगते हैं. ये टेस्ट किसी भी डायग्नोस्टिक सेंटर या बड़े अस्पताल में हो जाता है.
इस टेस्ट से क्या-क्या पता चलता है?
इस टेस्ट से दो सबसे जरूरी चीजें पता चलती हैं-
पहली-(FVC) यानी आप पूरी सांस लेने के बाद कुल कितनी हवा बाहर छोड़ पाए.
दूसरी- (FEV1) यानी पहले 1 सेकंड में आपने कितनी हवा बाहर निकाली. अगर ये दोनों नंबर्स कम आते हैं, तो समझिए कि सांस की नलियों में रुकावट है. इससे डॉक्टर को ये पता चल जाता है कि आपको अस्थमा है, COPD है या प्रदूषण की वजह से फेफड़े कमजोर हो रहे हैं.
किन लोगों को ये टेस्ट जरूर कराना चाहिए?
अगर आप दिल्ली-NCR जैसे प्रदूषण वाले इलाके में रहते हैं और आपको नीचे दिए गए लक्षण हैं, तो ये टेस्ट जरूर कराएं-
- कई हफ्ते तक खांसी का ठीक न होना
- सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना
- सीने में भारीपन या घरघराहट
- धूम्रपान करते हों या पहले करते थे
- आपको पहले से अस्थमा या एलर्जी की दिक्कत है
ये भी पढ़ें- भारत को मिली बर्ड फ्लू वैक्सीन में सफलता, पहली स्वदेशी वैक्सीन 20 नवंबर को होगी लॉन्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं