भारत के पोल्ट्री किसानों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है. अब बर्ड फ्लू से मुर्गियों को बचाने के लिए हमें दूसरे देशों की तरफ नहीं देखना पड़ेगा. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर, 2026 को भोपाल में मुर्गियों के लिए बनाई गई भारत की पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. ये वैक्सीन भोपाल के ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने बनाई है.
बर्ड फ्लू कितना खतरनाक है?
बर्ड फ्लू को लोग हल्के में लेते हैं, लेकिन ये मुर्गियों के लिए सबसे खतरनाक बीमारी है. इसे HPAI यानी अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा कहते हैं एक बार ये बीमारी फैल जाए तो संक्रमित मुर्गियों में 100 प्रतिशत तक मौत हो सकती है. यानी पूरा फार्म साफ हो जाता है. साल 2006 में जब भारत में पहली बार बर्ड फ्लू आया था, तब से अब तक देश में H5N1 और H5N8 के 500 से ज्यादा प्रकोप हो चुके हैं. इससे सिर्फ मुर्गी नहीं मरती, किसान की पूरी कमाई डूब जाती है, अंडे और चिकन के दाम बढ़ जाते हैं और बाहर के देशों से व्यापार भी बंद हो जाता है.

किसान और देश को कितना नुकसान होता है?
बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी को 1.5 प्रतिशत तक नीचे ला सकता है. अगर बीमारी कंट्रोल न हुई, तो देश की 20 प्रतिशत से ज्यादा पोल्ट्री आबादी खत्म हो सकती है. साल 2006 में बर्ड फ्लू से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. मणिपुर में एक प्रकोप से ही राज्य की जीडीपी का 0.5 प्रतिशत नुकसान हो गया था. इसलिए ये सिर्फ मुर्गियों की बीमारी नहीं, पूरे देश की अर्थव्यवस्था की बीमारी है.
नई वैक्सीन क्या है और कैसे काम करेगी?
ये वैक्सीन मुर्गियों के लिए निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1ए) वैक्सीन है. असल में भारत में मुर्गियों में बर्ड फ्लू के ज्यादातर प्रकोपों के पीछे H5N1 का क्लेड 2.3.2.1ए नामक स्वरूप ही जिम्मेदार रहा है. अभी तक इस क्लेड के खिलाफ कोई खास कमर्शियल वैक्सीन नहीं थी. यही वजह है कि वैज्ञानिकों ने इसी क्लेड को टारगेट करके ये वैक्सीन बनाई है. ये वैक्सीन मुर्गियों के शरीर में इस वायरस के खिलाफ सुरक्षा कवच बनाएगी, जिससे प्रकोप होने पर भी मुर्गियां नहीं मरेंगी और वायरस आगे नहीं फैलेगा.
क्या बर्ड फ्लू इंसानों को भी होता है?
हां, यही सबसे डराने वाली बात है. पहले ये बीमारी सिर्फ पक्षियों में होती थी, लेकिन अब ये दूसरे जानवरों और स्तनधारियों में भी मिलने लगी है. WHO के अनुसार, साल 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 के 1,003 मानव मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है. हाल के समय में इंसानों में भी इस संक्रमण के तीन मामले मिले हैं. इसलिए मुर्गियों को बचाना सिर्फ किसानों का फायदा नहीं, बल्कि हम सबकी सेहत के लिए जरूरी है. अगर मुर्गियों में वायरस कंट्रोल रहेगा, तो वो इंसानों तक नहीं पहुंचेगा.
इस वैक्सीन से किसानों को क्या फायदा होगा?
सबसे बड़ा फायदा तो यही होगा कि अब प्रकोप आने पर लाखों मुर्गियों को मारना नहीं पड़ेगा. किसान का फार्म बचेगा, उसकी कमाई बचेगी. दूसरा, भारत अब इस वैक्सीन के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहेगा. स्वदेशी वैक्सीन सस्ती भी होगी और आसानी से मिलेगी भी.
ये भी पढ़ें- माइग्रेन और सिरदर्द से परेशान हैं? गीले तौलिये वाला ये हैक्स, दिला सकता है तुरंत राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं