Beer Attracts Mosquitoes: गर्मियों की रातों में मच्छरों से बचना किसी लड़ाई से कम नहीं लगता. लेकिन आपने शायद यह भी नोटिस किया होगा कि दोस्तों की पूरी टोली में मच्छर कुछ खास लोगों को ही ज्यादा परेशान करते हैं. कई लोग इसे मजाक में मीठा खून कहकर टाल देते हैं, लेकिन अब वैज्ञानिकों ने इसके पीछे एक दिलचस्प वजह तलाशने की कोशिश की है. नई रिसर्च के मुताबिक, बीयर पीने वाले लोग मच्छरों को ज्यादा आकर्षित कर सकते हैं. यानी पार्टी के बाद अगर मच्छर बार-बार आपको ही निशाना बना रहे हैं, तो इसके पीछे सिर्फ बदकिस्मती नहीं, बल्कि साइंस भी हो सकती है.
नीदरलैंड्स की रेडबॉउड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने इस विषय पर एक बड़ा प्रयोग किया. रिसर्च टीम ने एक म्यूजिक फेस्टिवल में करीब 500 लोगों और हजारों मच्छरों के व्यवहार पर स्टडी की. इसके लिए वहां एक खास लैब बनाई गई, जहां लोगों को एक ऐसे बॉक्स में हाथ रखना था जिसमें मच्छर मौजूद थे. बॉक्स में छोटे छेद थे ताकि मच्छर शरीर की गंध महसूस कर सकें, लेकिन काट न पाएं. कैमरों की मदद से रिकॉर्ड किया गया कि कौन से लोगों की तरफ मच्छर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जापान में मोटापा इतना कम क्यों? बचपन से बच्चों को सिखाई जाती हैं ये 5 हेल्दी आदतें, इसलिए रहते हैं फिट और एक्टिव
बीयर पीने वालों पर ज्यादा बैठे मच्छर (Mosquitoes Preferred Beer Drinkers)
रिसर्च में पाया गया कि जो लोग बीयर पी चुके थे, वे मच्छरों के लिए लगभग 1.35 गुना ज्यादा आकर्षक थे. वैज्ञानिकों का मानना है कि बीयर पीने के बाद शरीर का तापमान, पसीने की गंध और सांस से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड में बदलाव हो सकता है, जिसे मच्छर आसानी से महसूस कर लेते हैं. इसके अलावा स्टडी में यह भी पाया गया है कि गर्भवती महिलाएं मच्छरों को ज्यादा आकर्षित कर सकती हैं. इसकी वजह भी शरीर का बढ़ा हुआ तापमान और ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड रिलीज होना माना जाता है.
आखिर मच्छर किन चीजों से आकर्षित होते हैं? (What Attracts Mosquitoes?)
स्टडी में कुछ और दिलचस्प बातें भी सामने आईं. सनस्क्रीन नहीं लगाने और रोजाना न नहाने वाले लोग भी मच्छरों को ज्यादा आकर्षित करते हैं. दरअसल, मच्छर मुख्य रूप से शरीर से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड, बॉडी हीट, पसीने की गंध और त्वचा पर मौजूद कुछ केमिकल्स की तरफ आकर्षित होते हैं. यही वजह है कि हर व्यक्ति को मच्छर बराबर नहीं काटते. हालांकि इस विषय पर अभी और रिसर्च की जरूरत है, लेकिन यह स्टडी जरूर इशारा करती है कि हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें भी मच्छरों के व्यवहार को प्रभावित कर सकती हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं