विज्ञापन

टायर पंचर की वजह से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, 4 वाहन आपस में टकराए, जानें ताजा अपडेट

Delhi-Mumbai Expressway Accident Faridabad: गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करवाया.

टायर पंचर की वजह से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, 4 वाहन आपस में टकराए, जानें ताजा अपडेट
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टायर पंचर होने के बाद रुकी गाड़ियों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, फरीदाबाद में टला बड़ा हादसा.
NDTV Reporter

Haryana News: फरीदाबाद शहर के IMT चौक के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) पर शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना हुई. इस हादसे में दो ट्रैक्टर और दो कारें आपस में टकरा गईं. राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया.

कैसे हुआ हादसा?

घटना के समय मौके पर मौजूद सौरव ने बताया कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे, तभी उनके ट्रैक्टर का टायर पंचर हो गया. उन्होंने अपने माल को शिफ्ट करने के लिए एक दूसरा ट्रैक्टर बुलाया और उसे पंचर ट्रैक्टर के पीछे खड़ा कर दिया.

इसी दौरान एक टाटा टियागो कार भी वहां रुकी, जिसका टायर भी पंचर था. कार ड्राइवर ने मदद मांगी, जिसके बाद सौरव और उनके साथी कार का टायर बदलने में मदद करने लगे. तभी पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और उसने खड़ी टाटा टियागो को टक्कर मार दी.

मची अफरा-तफरी

पीछे से हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा टियागो कार आगे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी और वह ट्रैक्टर अपने आगे खड़े दूसरे ट्रैक्टर से टकरा गया. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.

क्रेन की मदद से खुलवाया रास्ता

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया ताकि दूसरे वाहनों को निकलने में परेशानी न हो. इसके कुछ देर बाद ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा किसकी लापरवाही या गलती के कारण हुआ.

ये भी पढ़ें:- दिल्‍ली में इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर 1.5 लाख रुपये बचेंगे, रोड टैक्‍स और रजिस्‍ट्रेशन फीस माफ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com