Justine Vanhaevermaet Training While Seven Months Pregnant: खेल की दुनिया में खिलाड़ियों के संघर्ष और समर्पण की कई कहानियां सुनने को मिलती हैं, लेकिन बेल्जियम की फुटबॉलर जस्टिन वानहेवरमेट की कहानी इन दिनों खास चर्चा में है और उसकी वजह है सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उनकी तस्वीर. वह गर्भावस्था के सातवें महीने में भी ट्रेनिंग करती नजर आ रही हैं. यह सिर्फ एक खिलाड़ी की फिटनेस की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी महिला की तस्वीर है जो एक साथ दो बड़ी जिम्मेदारियां निभा रही हैं. एक मां बनने की और दूसरी अपने देश के लिए खेलने के सपने को जिंदा रखने की.

Photo Credit: cpfc_w
फुटबॉल से ब्रेक, लेकिन फिटनेस से नहीं
WSL Football के अनुसार 33 वर्षीय जस्टिन बेल्जियम की राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम 'रेड फ्लेम्स' की अहम खिलाड़ी हैं और इंग्लैंड के क्लब क्रिस्टल पैलेस से भी जुड़ी रही हैं. उन्होंने प्रतिस्पर्धी मैचों से कुछ समय का ब्रेक जरूर लिया है, लेकिन फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए रखा है.

Photo Credit: cpfc_w
डॉक्टरों और ट्रेनर्स की सलाह के अनुसार वह हल्की ट्रेनिंग, दौड़ और फिटनेस एक्सरसाइज कर रही हैं. हालांकि, वह उन गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं जिनमें चोट लगने का खतरा हो. उनकी यही तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं.
मां बनने के बाद भी खत्म नहीं होगा सपना
nieuwsblad के रिपोर्ट के अनुसार जस्टिन ने हाल ही में कहा था कि वह मां बनने के बाद भी फुटबॉल में वापसी करना चाहती हैं. उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में बेल्जियम की टीम के लिए फिर से खेलना और बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है. वह यह संदेश देना चाहती हैं कि एक महिला अपने परिवार और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए अपने सपनों को भी पूरा कर सकती है.
एक तस्वीर दिए कई संदेश
जस्टिन की वायरल तस्वीरों ने हजारों लोगों को प्रभावित किया है. इन तस्वीरों में सिर्फ एक गर्भवती खिलाड़ी की ट्रेनिंग नहीं दिखती, बल्कि यह भी नजर आता है कि जिम्मेदारियां बढ़ने के बावजूद सपनों का सफर नहीं रुकता है. एक तरफ वह अपने बच्चे के स्वागत की तैयारी कर रही हैं, तो दूसरी ओर मैदान पर वापसी के लिए खुद को तैयार भी कर रही हैं.
वायरल हो रही तस्वीर और उनकी कहानी सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो परिवार और अपने करियर, दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं