विज्ञापन

Chatpate Rasgulle Recipe: सूजी के गोलों से बनाएं ये चटपटा इंडो-चाइनीज स्नैक, एक बार खाएंगे तो बार-बार करेंगे डिमांड

Chatpate Rasgulle Recipe: सूजी से बनने वाले ये “चटपटे रसगुल्ले” नमकीन और इंडो-चाइनीज फ्लेवर वाला मजेदार स्नैक हैं.सूजी का डो बनाकर उसकी छोटी गोलियां तैयार की जाती हैं, फिर उन्हें पानी में उबालकर सॉस और सब्जियों के साथ टॉस किया जाता है.प्याज, शिमला मिर्च और चटपटे मसालों का स्वाद इस आसान स्नैक को बच्चों और बड़ों दोनों का फेवरेट बना सकता है.

Chatpate Rasgulle Recipe: सूजी के गोलों से बनाएं ये चटपटा इंडो-चाइनीज स्नैक, एक बार खाएंगे तो बार-बार करेंगे डिमांड
Chatpate Rasgulle Recipe
Instagram

Chatpate Rasgulle Recipe: अगर आप रोज-रोज वही पकौड़े, मैगी या सैंडविच खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार सूजी से बनने वाला एक अलग और मजेदार स्नैक ट्राई कर सकते हैं. इसका नाम है “चटपटे रसगुल्ले”. नाम सुनकर भले ही मिठाई याद आए, लेकिन ये रेसिपी पूरी तरह नमकीन और मसालेदार होती है. इसमें सूजी के नरम गोलों को प्याज, शिमला मिर्च और चाइनीज स्टाइल सॉस के साथ टॉस किया जाता है. बाहर से हल्का मसालेदार और अंदर से सॉफ्ट ये स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत या महंगी चीजों की जरूरत नहीं पड़ती.

चटपटे रसगुल्ले बनाने के लिए सामग्री-

  • 1 कप सूजी
  • 1 छोटा चम्मच कॉर्नफ्लोर
  • 1 कप पानी
  • नमक स्वाद अनुसार
  • 1 बारीक कटा प्याज
  • 1 बारीक कटी शिमला मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
  • 1 छोटा चम्मच सोया सॉस
  • 1 छोटा चम्मच रेड चिली सॉस
  • आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • हरा प्याज या धनिया गार्निश के लिए
Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- केले से भी ज्यादा फाइबर देते हैं ये 4 फल! पेट रहेगा हेल्दी और पाचन भी होगा मजबूत

सबसे पहले तैयार करें सूजी का डो

एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा नमक डाल दें. जब पानी हल्का उबलने लगे, तब धीरे-धीरे सूजी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें. इससे सूजी में गांठें नहीं बनेंगी. कुछ ही मिनट में मिश्रण गाढ़ा होकर डो जैसा बनने लगेगा. अब गैस बंद करें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद इसमें कॉर्नफ्लोर मिलाकर हाथों से अच्छी तरह गूंध लें. कॉर्नफ्लोर डालने से गोलियां ज्यादा स्मूद बनती हैं और पकाने के दौरान टूटती नहीं हैं.

ऐसे बनाएं गोल-गोल रसगुल्ले

  • अब तैयार डो से छोटी-छोटी लोई तोड़ें और उन्हें हाथों से गोल आकार दें. ध्यान रखें कि गोलियां ज्यादा बड़ी न हों.
  • एक बर्तन में पानी गर्म करें और तैयार गोलियों को उसमें डाल दें. करीब 4 से 5 मिनट तक पकाने के बाद ये हल्की फूलने लगेंगी. अब इन्हें पानी से निकालकर अलग रख दें.

अब आएगा असली चटपटा स्वाद

  1. एक कड़ाही में तेल गर्म करें. उसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भूनें. फिर प्याज और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर चलाएं ताकि सब्जियों का क्रंच बना रहे.
  2. अब इसमें सोया सॉस, रेड चिली सॉस और काली मिर्च डालें. आखिर में सूजी की उबली हुई गोलियां डालकर अच्छे से टॉस करें ताकि मसाला हर बॉल पर अच्छी तरह चढ़ जाए.
  3. ऊपर से हरा प्याज डालकर गरमागरम सर्व करें.

ये चटपटे सूजी रसगुल्ले शाम की चाय के साथ एकदम अलग और मजेदार स्नैक साबित हो सकते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com