सर्दियों का मौसम आते ही घरों में गाजर के हलवे की खुशबू फैलने लगती है. आमतौर पर लोग लाल गाजर का हलवा बनाते हैं, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग और खास ट्राई करना चाहते हैं तो काली गाजर का हलवा आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसका रंग, स्वाद और बनावट इसे साधारण हलवे से अलग बनाते हैं. शादी-पार्टियों से लेकर मिठाई की दुकानों तक, काली गाजर का हलवा अपनी खास पहचान रखता है. सही तरीके से बनाया जाए, तो ये मिठाई कई दिनों तक स्वाद बरकरार रखती है और हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. आइए जानते हैं काली गाजर का शाही हलवा बनाने की आसान रेसिपी, जिसे यूट्यूब चैनल CookingExam पर शेयर किया गया है.
वीडियो में देखें रेसिपी...
काली काजर का हलवा बनाने के लिए चुने गाजर
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले 1 किलो काली गाजर लें. काली गाजर ऊपर से काफी सख्त दिखाई देती है, लेकिन अंदर से मुलायम होती है. इन्हें अच्छी तरह धोकर छील लें और फिर कद्दूकस कर लें. काली गाजर का रंग हाथों पर चढ़ सकता है, इसलिए चाहें तो ग्लव्स का इस्तेमाल कर सकते हैं.
घी में भूनें कद्दूकस की हुई गाजर
अब एक कड़ाही गर्म करें और उसमें 2 बड़े चम्मच देसी घी डालें. घी गर्म होने पर कद्दूकस की हुई गाजर डाल दें. गाजर को लगभग 5 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. इससे गाजर जल्दी पकती है और इसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है.
दूध को गाढ़ा करके मिलाएं
दूसरी ओर 2 लीटर दूध को उबालने के लिए रखें. दूध को तब तक पकाएं जब तक वह आधा न रह जाए और लगभग 1 लीटर गाढ़ा दूध तैयार न हो जाए. बीच-बीच में दूध चलाते रहें ताकि मलाई एक जगह जमा न हो. जब गाजर अच्छी तरह भुन जाए तो इसमें गाढ़ा किया हुआ दूध डाल दें.
धीमे-धीमे पकाकर लाएं सही टेक्सचर
दूध डालने के बाद मिश्रण को लगातार चलाते हुए करीब 10 मिनट तक पकाएं. इससे गाजर और दूध अच्छी तरह मिल जाते हैं और हलवे में शानदार स्वाद आता है. अगर आपको हल्का गीला हलवा पसंद है तो इस स्टेज पर भी इसे खा सकते हैं.
चीनी मिलाकर करें फाइनल टच
अब हलवे में लगभग डेढ़ कप चीनी डालें और अच्छी तरह मिला लें. चीनी डालने के बाद हलवा थोड़ा पतला हो जाता है, इसलिए इसे 5 मिनट तक तेज आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब हलवा गाढ़ा हो जाए और घी छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें.
ये भी पढ़ें - बिना मावा के गाजर का हलवा बनाने की ट्रिक, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे, खर्चा आधा स्वाद दोगुना
ऐसे करें सर्व
हलवे को थोड़ा ठंडा होने दें और अपनी पसंद के अनुसार ड्राई फ्रूट्स से सजाएं. यह स्वादिष्ट हलवा घर की पार्टी, खास अवसर या फिर बच्चों के लिए हेल्दी स्वीट डिश के रूप में परोसा जा सकता है. फ्रिज में स्टोर करके इसे कई दिनों तक इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं