इन दिनों सुबह-सुबह जमीन पर बिछी सफेद और नारंगी रंग की हरसिंगार यानि पारिजात के फूलों की चादर देखने में जितनी खूबसूरत लगती है, सेहत के लिए भी उतनी ही फायदेमंद मानी जाती है. आयुर्वेद में हरसिंगार के फूलों और पत्तियों का इस्तेमाल शरीर की कई तरह की समस्याओं को दूर करने के लिए किया जाता है. इन फूलों से बनी चाय शरीर को कई तरह के फायदे पहुंचा सकती हैं. सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉक्टर श्रेय शर्मा का कहना है कि परिजात यानि हरसिंगार के फूलों का आयुर्वेद में विशेष महत्व है. नियमित रूप से इसके फूलों से बनी चाय का सेवन करने से शरीर की कई तरह की परेशानियां दूर हो सकती हैं. यहां जानते हैं इसके फूलों की चाय कैसे बनाएं और इससे शरीर को होने वाले फायदे क्या हैंं?
हरसिंगार की चाय बनाने की रेसिपी क्या है?
आवश्यक सामग्री
- हरसिंगार के 8-10 ताजे फूल
- 2 कप पानी
- 1 छोटा टुकड़ा अदरक (वैकल्पिक)
- 1 चम्मच शहद (स्वादानुसार)
बनाने का तरीका
- सबसे पहले हरसिंगार के फूलों को साफ पानी से धो लें.
- एक पैन में 2 कप पानी डालकर उबालें.
- इसमें हरसिंगार के फूल और अदरक डाल दें.
- 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं.
- जब पानी हल्का रंग बदलने लगे तो गैस बंद कर दें.
- चाय को छानकर कप में निकाल लें.
- स्वाद के लिए शहद मिलाकर गुनगुना पिएं.
हरसिंगार की चाय पीने के फायदे
शरीर की सूजन करे कम: हरसिंगार में मौजूद प्राकृतिक गुण शरीर में सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं. यही कारण है कि इसे पारंपरिक रूप से जोड़ों और मांसपेशियों के दर्द में उपयोग किया जाता है.
इम्यूनिटी करे बूस्ट: इस फूल में एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री-रेडिकल्स से बचाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
सर्दी जुकाम में है फायदेमंद: बदलते मौसम में होने वाली खांसी, जुकाम और गले की परेशानी में हरसिंगार की गर्म चाय आराम पहुंचा सकती है.
शरीर को दे आराम: दिनभर की थकान और तनाव के बाद हरसिंगार की हल्की सुगंध वाली चाय मन को सुकून देने में मदद कर सकती है.
पाचन को करे दुरुस्त: कुछ लोगों का मानना है कि हरसिंगार की चाय पाचन प्रक्रिया को सपोर्ट करती है और पेट की हल्की समस्याओं में राहत दे सकती है.
ध्यान रखने वाली बातें
अंत में आयुर्वेद एक्सपर्ट का कहना है कि हरसिंगार की चाय को सीमित मात्रा में ही पिएं. अगर आप किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, गर्भवती हैं या नियमित दवाएं ले रहे हैं तो इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
ये भी पढ़ें - परिजात के पत्तों का काढ़ा कैसे बनाएं? नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं