दिवाली के कुछ दिन बाद आने वाला छठ पूजा का त्योहार खासकर बिहार और पूर्वांचल की मिट्टी से जुड़ा है, लेकिन अब इसे पूरे देश में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है. लोग इसे सूर्य षष्ठी और डाला छठ जैसे नामों से भी जानते हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में घर की महिलाएं अपने बच्चों की लंबी उम्र और परिवार की सुख-शांति के लिए बहुत कठिन व्रत रखती हैं.
त्योहार आने से पहले ही घरों में साफ-सफाई शुरू हो जाती है और हर तरफ पारंपरिक ठेकुआ, गन्ने और ताजे फलों की रौनक दिखने लगती है. बिना किसी भारी दिखावे के, नदी या तालाब के किनारे खड़े होकर प्रकृति का शुक्रिया अदा करना ही इस पूजा की सबसे बड़ी खूबसूरती है. नहाय-खाय की सादगी से शुरू होकर उगते सूर्य को जल चढ़ाने तक, यह पूरा समय भक्ति और आपसी मेलजोल से भरा रहता है.
छठ महापर्व की शुरुआत आज से शुरू हो चुकी है, चलिए जानते हैं 4 दिन का चार दिनों का पूरा कार्यक्रम क्या रहेगा.
छठ पूजा 2026, चार दिनों का पूरा कार्यक्रम
पहला दिन (नहाय-खाय) (शुक्रवार, 13 नवंबर)
छठ की शुरुआत इसी दिन से होती है. सुबह नहाने-धोने के बाद पूरे घर और रसोई की अच्छे से सफाई की जाती है, इसके बाद बिल्कुल सादा खाना खाया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल बनते हैं.
दूसरा दिन (खरना) (शनिवार, 14 नवंबर)
दूसरे दिन लोग सुबह से शाम तक कुछ नहीं खाते-पीते. सूरज ढलने के बाद पूजा करके छठी मैया को प्रसाद चढ़ाया जाता है और फिर घर-परिवार में बांटा जाता है. इस प्रसाद को खाने के बाद ही लगातार 36 घंटे का बिना पानी वाला व्रत शुरू हो जाता है.
तीसरा दिन (संध्या अर्घ्य) (रविवार, 15 नवंबर)
यह त्योहार का सबसे बड़ा और मुख्य दिन होता है, शाम के वक्त परिवार के सभी लोग बांस की टोकरी में पूजा का सामान लेकर नदी या तालाब के घाट पर जाते हैं. पानी में उतरकर डूबते हुए सूरज को अर्घ्य दिया जाता है. रात में छठ के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और व्रत की कथा सुनी जाती है.
चौथा दिन (उषा अर्घ्य और पारण) (सोमवार, 16 नवंबर)
आखिरी दिन सुबह सूरज निकलने से पहले ही लोग फिर से घाट पर पहुंचते हैं और उगते हुए सूरज को अर्घ्य देते हैं, इसके बाद थोड़ा सा प्रसाद और पानी लेकर 36 घंटे का कठिन व्रत पूरा किया जाता है, जिसे पारण कहते हैं.
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में ऐसे बनाएं बाजरे-मेथी का ढेबरा और लहसुन की चटनी, बच्चे से लेकर बड़े सब चट कर जाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं