विज्ञापन
This Article is From Mar 18, 2014

पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह होंगे गाजियाबाद से भाजपा उम्मीदवार

पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह होंगे गाजियाबाद से भाजपा उम्मीदवार
फाइल फोटो
नई दिल्ली:

भाजपा ने उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद लोकसभा सीट के लिए आज सेना के पूर्व प्रमुख जनरल वीके सिंह को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। अभी इस सीट का प्रतिनिधित्व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह कर रहे हैं।

पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की ओर से मंगलवार को लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी की गई। इसमें जनरल सिंह के अलावा मेघालय की शिलांग सीट से शिबुन लिंगदोह की उम्मीदवारी घोषित की गई है। इस सूची में केवल यही दो नाम हैं।

आगामी चुनाव में भाजपा के जनरल सिंह का मुकाबला कांग्रेस के राज बब्बर और आम आदमी पार्टी की शाजि़या इलमी से होगा।

जनरल सिंह के नाम के बारे में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की 15 मार्च को हुई बैठक में भी चर्चा की गई थी और इस बारे में उन्हें सूचित कर दिया गया था। गाजियाबाद से भाजपा जाट उम्मीदवार उतारना चाहती थी, क्योंकि वहां इस समुदाय की अच्छी खासी संख्या है।

हाल ही में पार्टी में शामिल हुए जनरल सिंह द्वारा भाजपा के इस निर्णय को अपनी स्वीकृति देने के बाद इसकी आज औपचारिक घोषणा की गई। भाजपा में इस सीट के लिए मुजफ्फरनगर के दंगों के आरोपी संगीत सोम के नाम की भी काफी चर्चा थी लेकिन पार्टी नेतृत्व ने जनरल सिंह को वहां से उम्मीदवार बनाने का निर्णय किया।

जनरल सिंह के नाम की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही गाजियाबाद के पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां भाजपा मुख्यालय के सामने इस निर्णय के विरोध में प्रदर्शन किया। जनरल सिंह सोमवार को जब गाजियाबाद गए थे, तब भी उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओ के एक वर्ग के विरोध का सामना करना पड़ा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बीजेपी, गाजियाबाद, जनरल वीके सिंह, लोकसभा चुनाव 2014, आम चुनाव 2014, BJP, Ghaziabad, Lok Sabha Polls, VK Singh, Lok Sabha Election 2014, General Election 2014