विज्ञापन
This Article is From Sep 27, 2014

महाराष्ट्र में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में बस एक दिन का साथ

महाराष्ट्र में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में बस एक दिन का साथ
फाइल फोटो
मुंबई:

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच 15 साल पुराना गठबंधन तोड़ने के बाद, आनन-फानन में समाजवादी पार्टी को सहयोगी बनाया लेकिन 24 घंटे में ही उससे नाता भी तोड़ लिया।

शनिवार को कांग्रेस ने अपने तीसरे और आखिरी सूची में 26 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर साफ कर दिया कि वो राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के इस रुख पर महाराष्ट्र सपा के मुखिया अबु आसिम आजमी ने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा 'कांग्रेस से हमारी 8 सीटों के लिए बात हुई थी, जबकि 3 सीटों पर मामला अटका था। मुझे शुक्रवार रात 12 बजे मुख्यमंत्रीजी का फोन आया उन्होंने बताया गया कि दिल्ली में आलाकमान ने अभी तक सीट बंटवारा का फैसला स्वीकार नहीं किया है, मैंने इसके बाद पूछा तो क्या करना है ... क्या मैं समझूं कि गठबंधन नहीं हो रहा है, तो प्रदेश अध्यक्ष ने फोन लेकर कहा हां कुछ ऐसा ही समझ सकते हैं'।'

अबु आसिम आज़मी ने कांग्रेस पर पीठ में खंजर घोंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि 'हमसे 77 लोगों ने टिकट की मांग की थी। अगर कांग्रेस ने अपना फैसला पहले सुना दिया होता तो हम टिकट बांट चुके होते।

अबु आजमी ने ये भी कहा, 'मैंने कभी कांग्रेस की नीतियों का समर्थन नहीं किया। हमारी प्राथमिकता भाजपा-शिवसेना को रोकने की थी।'

शनिवार को नामांकन भरने का आखिरी दिन था। महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर को मतदान होना है। पहली सूची जारी होने के बाद कांग्रेस का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से गठबंधन टूट गया था। इसके बाद कांग्रेस ने आठ सीटों पर समाजवादी पार्टी से गठबंधन करने का एलान किया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
महाराष्ट्र, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2014, विधानसभा चुनाव 2014, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, अबु आजमी, Maharashtra, Maharashtra Assembly Elections 2014, Assembly Elections 2014, Congress, Samajwadi Party, Abu Azmi