IAS या IPS अफसर के बारे में तो आप जानते होंगे, ऐसे कई अधिकारियों को आपने अक्सर टीवी या फिर सामने से भी देखा होगा. क्योंकि ये जनता से सीधे जुड़े होते हैं और काफी पावरफुल पद हैं, ऐसे में अक्सर ये चर्चा में रहते हैं. लेकिन शायद ही आप जानते होंगे कि इन अधिकारियों के अलावा IAAS अधिकारी भी होते हैं. ये एक ऐसा पद है, जिसके बारे में काफी कम लोग जानते हैं. जब भी किसी से पूछा जाता है कि IAAS अधिकारी कौन होते हैं तो अक्सर उसे यही लगता है कि IAS अफसर के बारे में पूछा जा रहा है. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि ये अधिकारी कौन होते हैं और इनका काम क्या होता है.
IAAS होता क्या है?
IAAS की फुलफॉर्म 'इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस' होता है. इसमें काम करने वाले अधिकारी ग्रुप ए के ऑफिसर होते हैं और CAG के तहत काम करते हैं. IAAS अधिकारियों का काम सरकारी और प्राइवेट सेक्टर के अकाउंट्स का ऑडिट करना होता है. CAG की कई चौंकाने वाली रिपोर्ट्स में इन्हीं अधिकारियों का काम दिखता है. आम लोगों के साथ इनका पब्लिक के साथ सीधे जुड़ाव नहीं होता है, ऐसे में काफी कम लोग इन अधिकारियों के बारे में जानते हैं.
कौन सा होता है एग्जाम?
IAAS अधिकारी बनने के लिए भी वही एग्जाम होता है, जो IAS अधिकारी बनने के लिए होता है. यानी यूपीएससी सिविल सर्विस एग्जाम के जरिए ही IAAS अधिकारी भी चुने जाते हैं. ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस (IAAS) में जाने के लिए कॉमर्स या फिर मैथ्स बैकग्राउंड होना जरूरी है. आपकी वही योग्यता होनी चाहिए, जो यूपीएससी परीक्षा देने के लिए होती है. IAAS में सिलेक्शन होने के बाद नेशनल अकेडमी ऑफ ऑडिट एंड अकाउंट्स (NAAA) में दो साल की कड़ी ट्रेनिंग होती है.
क्या काम करते हैं IAAS अधिकारी?
IAAS अधिकारियों का काम सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों के रिकॉर्ड्स खंगालने का होता है. ये अधिकारी देखते हैं कि किन योजनाओं का फायदा गरीबों तक पहुंचा है और किन्हें सिर्फ कागजों तक ही समेट दिया गया. कोई भी आम आदमी IAAS अधिकारियों को ऐसी गड़बड़ी की शिकायत कर सकता है, जिसके बाद वो जांच करते हैं और अपनी रिपोर्ट पेश करते हैं. ऑडिट खत्म होने के बाद विधानसभा या फिर संसद में रिपोर्ट दी जाती है. यही वजह है कि किसी भी दफ्तर में IAAS अधिकारियों की एंट्री से ही डर का माहौल बन जाता है.
यह भी पढ़ें | IAS-IPS को कैसे मिलता है होम कैडर? एक दूसरे से शादी करने के बाद ट्रांसफर का भी नियम
यह भी पढ़ें | दूरदराज के गरीब छात्रों का क्या होगा? सुपर 30 के आनंद कुमार ने नीलेकणि के आइडिया पर उठाए सवाल
यह भी पढ़ें | महिला अधिकारी को IAS होने की हनक दिखाने वाले राजीव रंजन कौन हैं? जिनका वीडियो हो रहा वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं