- हरियाणा के पूर्व CM चौधरी भजनलाल के परिवार की आदमपुर अनाज मंडी की दुकान अब नए आवास में परिवर्तित हो चुकी है
- IAS परी बिश्नोई, जो भजनलाल के पोते की बहू हैं, वर्तमान में सिक्किम में जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत हैं
- 11 नवंबर 2026 को दुकान नंबर 107 में गृह प्रवेश समारोह आयोजित होगा
IAS Pari Bishnoi Family: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के परिवार की आदमपुर में घर वापसी हो रही है, जो कई मायनों में विशेष मानी जा रही है. हिसार जिले में आदमपुर अनाज मंडी की ऐतिहासिक दुकान नंबर 107, जहां से चौधरी भजनलाल ने अपने कारोबारी और राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी, अब यह दुकान बिश्नोई परिवार के नए आवास में बदल चुकी है. 11 नवंबर 2026 को यहां गृह प्रवेश होगा. यह अवसर भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2020 बैच की आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई के लिए भी खास माना जा रहा है. परी बिश्नोई पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के पोते की बहू हैं. पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के बेटे एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई से 22 दिसंबर 2023 को विवाह के बाद परी बिश्नोई बिश्नोई चौधरी भजनलाल के परिवार का हिस्सा बनीं.

IAS परी बिश्नोई बिश्नोई की पूर्व MP कुलदीप बिश्नोई के बेटे एवं पूर्व MLA भव्य बिश्नोई से 2023 को शादी हुईPhoto Credit: @paribishnoidc
आईएएस परी बिश्नोई राजस्थान की बेटी, हरियाणा की बहू
राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा तहसील के काकड़ा गांव की निवासी परी बिश्नोई वर्तमान में सिक्किम के पकयोंग जिले में जिला मजिस्ट्रेट के पद पर सेवाएं दे रही हैं.गृह प्रवेश समारोह को लेकर परी बिश्नोई के पति भव्य बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर लोगों को आमंत्रित करते हुए लिखा कि यह केवल गृह प्रवेश नहीं, बल्कि अपनों के आशीर्वाद से जनसेवा के दृढ़ संकल्प में एक नए अध्याय का आरंभ है. उन्होंने लोगों से 11 नवंबर को सुबह 9:15 बजे मंडी आदमपुर पहुंचने का आग्रह करते हुए कहा कि उनके स्नेह से यह मकान घर बनेगा और आशीर्वाद से परिवार के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी.

IAS परी बिश्नोई के ससुर पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई की ओर से भेजा गया निमंत्रण पत्र.
जहां से शुरू हुआ था भजनलाल का सफर
आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 107 भजनलाल परिवार के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है. इसी स्थान से चौधरी भजनलाल ने आढ़त का काम शुरू किया था. बाद में यही जगह राजनीतिक गतिविधियों, जनसंपर्क और समर्थकों से संवाद का प्रमुख केंद्र बन गई. अब इसी स्थान पर बने हवेलीनुमा घर में नीचे मीटिंग हॉल और कार्यालय तैयार किया गया है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रहने की व्यवस्था की गई है. परिवार का यह नया आवास राजनीतिक विरासत और पारिवारिक स्मृतियों दोनों को संजोए हुए है.
यह केवल गृह प्रवेश नहीं, अपनों के आशीर्वाद से जनसेवा के दृढ़ संकल्प में एक नए अध्याय का आरम्भ है। आप सभी से विनम्र आग्रह—11 नवम्बर, प्रातः 9:15 बजे, मंडी आदमपुर सहपरिवार अवश्य पधारें। अपने स्नेह से इस मकान को घर और अपने आशीर्वाद से हमारे संकल्प को शक्ति प्रदान करें। आपका स्नेहिल इंतज़ार रहेगा। 🙏🏽
— Bhavya Bishnoi (@bbhavyabishnoi) October 30, 2026
आदमपुर से रिश्ते का नया संदेश
कई वर्ष पहले आदमपुर स्थित पुरानी कोठी बिकने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई थी कि परिवार का स्थानीय जुड़ाव कम हो रहा है. हालांकि कुलदीप बिश्नोई लगातार कहते रहे हैं कि उनका परिवार आदमपुर से भावनात्मक रूप से जुड़ा है. दुकान नंबर 107 पर बना नया घर इसी जुड़ाव को और मजबूत करता दिख रहा है.

अब यह दुकान बिश्नोई परिवार के नए आवास में बदल चुकी है. 11 नवंबर 2026 को यहां गृह प्रवेश होगा.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस स्थान से चौधरी भजनलाल ने अपना सफर शुरू किया था, उसी स्थान पर परिवार का फिर से स्थायी ठिकाना बनना केवल मकान निर्माण नहीं, बल्कि विरासत को नई पीढ़ी तक आगे बढ़ाने का प्रतीक है. भव्य बिश्नोई और आईएएस परी बिश्नोई के रूप में अब यह विरासत एक नए अध्याय में प्रवेश करती दिखाई दे रही है.
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल बिश्नोई परिवार का ज्यादातर समय दिल्ली में बीतता है. वर्ष 2022 के आदमपुर उपचुनाव के दौरान कुलदीप बिश्नोई ने कहा था कि उनका बेटा भव्य बिश्नोई यहीं रहेगा. इसके बाद अनाज मंडी की दुकान नंबर 107 के ऊपर घर बनाया गया है.हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में आदमपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई को हार का सामना करना पड़ा था. तब कुलदीप बिश्नोई मंडी आदमपुर की दुकान नंबर 107 में बने कार्यालय में समर्थकों से मिलने पहुंचे थे और भावुक हो गए थे.
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई ने दिखाई ग्राउंड रियलिटी, बताया सिक्किम के पहाड़ों में ड्यूटी करना कितना मुश्किल?
यह भी पढ़ें- Success Story: 22 साल के ओवैस ने ChatGPT को बनाया गुरु, UPSC CDS में मिली AIR 107
-अंकुर कपूर के इनपुट के साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं