यूपी विधानसभा चुनाव से पहले जहां सरकार नौकरियों की झड़ी लगाने की बात कर रही है, वहीं युवाओं ने भी इस मौके को भुनाने की कोशिश शुरू कर दी है. यूपी के लाखों अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. मामला ये है कि सरकार प्राथमिक शिक्षकों के करीब 11 हजार पदों पर भर्ती निकालने की तैयारी में है, वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब 15 लाख अभ्यर्थियों में महज 11 हजार की भर्ती से क्या होने वाला है, जबकि प्रदेश में करीब 60 हजार से ज्यादा पद खाली पड़े हैं. एनडीटीवी ने ऐसे कुछ अभ्यर्थियों से बात की और उनसे पूछा कि आखिर वो चाहते क्या हैं.
60 हजार शिक्षक भर्ती की मांग
यूपी के प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे एक अभ्यर्थी ने कहा, "हम अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से 5 सितंबर से धरने और अनशन पर बैठे थे. पुलिस ने देर रात जबरन कार्रवाई की, हमारा सामान हटा दिया और हमारे साथियों को उठा लिया. लेकिन हम अपनी मांगों से पीछे हटने वाले नहीं हैं. जब तक 60 हजार प्राथमिक शिक्षक भर्ती का नया विज्ञापन जारी नहीं होता और हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन जारी रहेगा."
बढ़ाने की बजाय कम कर दिए पद
इस दौरान अभ्यर्थी एक नारा लगाते दिखे, '11508 में कोई दम नहीं, 60 हजार के कम नहीं'... अभ्यर्थियों ने बताया कि पांच साल पहले यूपी के शिक्षा मंत्री ने 17 हजार नौकरियों के विज्ञापन की घोषणा की थी, लेकिन इसका इतने सालों से कुछ अता पता नहीं है. अब सरकार कह रही है कि 11 हजार पदों पर भर्ती निकाली जाएगी, जबकि इसे और ज्यादा बढ़ाना चाहिए था. आखिर सरकार की कौन सी मजबूरी है कि वो खाली पदों को नहीं भर रही है.
लाखों उम्मीदवारों को इंतजार
यूपी में पिछले करीब 6 साल से शिक्षक भर्ती का इंतजार हो रहा है. इस बार यूपी टीईटी परीक्षा में 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी पास हुए हैं, यानी ये सभी प्राथमिक और जूनियर लेवल शिक्षक भर्ती के लिए योग्य हैं. इससे पहले भी टीईटी पास लाखों उम्मीदवार भर्ती का इंतजार कर रहे थे. यानी ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या 15 से लेकर 20 लाख तक हो सकती है. ऐसे में अभ्यर्थियों का कहना है कि 11 हजार भर्ती से सभी अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं होगा.
ये भी पढ़ें - दिल्ली या नोएडा एयरपोर्ट में कैसे मिलती है नौकरी? 10वीं-12वीं पास के लिए काम की खबर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं