राजस्थान स्टेट 85% कोटा मेडिकल और डेंटल काउंसलिंग बोर्ड (जयपुर) ने कॉलेजों में रिपोर्टिंग की आखिरी तारीख (5 सितंबर) से ठीक एक दिन पहले राउंड-1 सीट अलॉटमेंट के प्रोविजनल रिजल्ट में संशोधन कर दिया. अचानक बदले हुए परिणाम जारी होने से स्टूडेंट्स और पेरेंट्स में हड़कंप मच गया है. इसे लेकर एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि छात्रों और अभिभावकों को घबराने या परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. असल में, सिर्फ 46 छात्रों की कैटेगरी में बदलाव के कारण ये संशोधित रिजल्ट जारी किया गया है. किसी भी छात्र की स्टेट रैंक, आवंटित कॉलेज या कोर्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
एक्सपर्ट ने बताया कि पहले जारी हुए रिजल्ट की तरह ही संशोधित परिणाम में भी कुल 5,666 छात्रों को सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया में सफल घोषित किया गया है. इन सभी छात्रों को सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में एमबीबीएस (MBBS) तथा बीडीएस (BDS) सीटें मिली हैं.
46 छात्रों के रिवाइज्ड अलॉटमेंट लेटर जारी
मेडिकल-डेंटल काउंसलिंग बोर्ड (जयपुर) की तरफ से जारी नई सूचना के अनुसार, जिन 46 छात्रों की कैटेगरी बदली गई है, उनके रिवाइज्ड अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिए गए हैं. इन अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना नया अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष जमा कराएं.
4,523 छात्रों को मिली MBBS सीट
राउंड-1 के इस संशोधित प्रोविजनल अलॉटमेंट रिजल्ट के तहत:
MBBS सीट: 4,523 विद्यार्थियों को मिली.
BDS सीट: 1,143 विद्यार्थियों को आवंटित हुई.
40% अभ्यर्थियों को मिली सीट
काउंसलिंग बोर्ड ने राउंड-1 की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया के लिए कुल 14,069 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया था. इनमें से 5,666 छात्रों को एमबीबीएस या बीडीएस सीट आवंटित हो गई है. यानी इस चरण में शामिल कुल पात्र अभ्यर्थियों में से 40% छात्रों को सफलता मिली है.
ये भी पढ़ें - UGC NET री-एग्जाम का एडमिट कार्ड जारी, इस डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं